आज विश्व जल दिवस पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने कहा है कि जल संकट वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है लेकिन भारत ने इस चुनौती को अवसर में बदल दिया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जल संरक्षण को न केवल एक नीतिगत विषय बनाया है बल्कि एक जन-आंदोलन का रूप भी दिया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन ने करोड़ों घरों में नल का जल उपलब्ध कराया है। अटल भूजल योजना ने गिरते जल स्तर के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाई है और अमृत सरोवर अभियान ने जल स्रोतों को नया जीवन दिया है। केन्द्रीय मंत्री कहा कि इस वर्ष जल दिवस का मुख्य विषय- ग्लेशियर संरक्षण है। यह इस बात की याद दिलाता है कि प्रकृति के साथ संतुलन और जागरूकता ही जल संकट का एकमात्र स्थायी समाधान है। श्री पाटिल ने लोगों से हर एक बूंद को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल समृद्ध भारत बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
2025-03-22