अमरीका: खराब मौसम के कारण नौ लोगों की मौत

अमरीका में खराब मौसम के कारण नौ लोगों की मौत की खबर है। केंटकी में आठ लोगों की मौत हुई है और यहां भारी बारिश के कारण बाढ़ आने से सड़कें बंद हैं। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशर ने कहा कि सैकड़ों लोगों को बाढ़ के पानी से बचाया गया। शनिवार से अब तक एक हजार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षापूर्वक निकाल लिया गया है।

राहत पहुंचाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने केंटकी के लिए आपदा घोषणा को मंज़ूरी दी। तूफ़ान के कारण 39 हजार घरों की बिजली बाधित हुई है। तेज़ हवाओं के कारण और भी कटौती किए जाने की आशंका है।

छोटे से समुदाय वाले रिवास में बांध टूटने के बाद टेनेसी में भी बाढ़ आने के बाद बचाव अभियान शुरू किए गए। अटलांटा में एक घर पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उत्तरी मैदानी इलाकों में भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है डकोटा और मिनेसोटा में तापमान शून्य से 45 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। मिशिगन में बर्फ़ और हिमपात के कारण 100 से ज़्यादा सडक दुर्घटनाएं हुई हैं।

केंटकी, टेनेसी, अर्कांसस और वर्जीनिया में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। इन जगहों पर भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। बाढ़ के कारण पश्चिमी वर्जीनिया में 13 काउंटियों में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है। आर्कटिक मौसम की वजह से अमरीका में और भी ज़्यादा ठंड पड़ने की उम्मीद है, साथ ही रॉकी पर्वत के कुछ हिस्सों में हिमस्खलन की चेतावनी भी दी गई है। अधिकारी लोगों से सड़कों पर न निकलने और सुरक्षित रहने का आग्रह कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *