दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम में सभी 70 सीटों के रूझान प्राप्त हो गए हैं। रूझानों में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलता नजर आ रहा है। उसके उम्मीदवार 46 सीटों पर आगे हैं। आम आदमी पार्टी ने 24 सीटों पर बढ़त प्राप्त की है।
प्रमुख उम्मीदवारों में नई दिल्ली सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भारतीय जनता पार्टी के प्रवेश साहिब सिंह, से चार सौ 30 मतों से पीछे हैं। इस सीट पर कांग्रेस के संदीप दीक्षित तीसरे स्थान पर हैं और वे 12 हजार से अधिक मतों से पीछे हैं।
कालकाजी सीट पर आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी तीन हजार दो सौ से अधिक मतों से पीछे हैं। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के रमेश बिधुड़ी आगे चल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट पर दो हजार चार सौ से अधिक मतों से पीछे हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने बावरपुर सीट पर 24 हजार सात सौ से अधिक की बढ़त प्राप्त कर ली है।
शकूर बस्ती सीट पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येन्द्र जैन भारतीय जनता पार्टी के करनैल सिंह से 15 हजार सात सौ से अधिक मतों से पिछड़ रहे हैं। बल्लीमारान सीट पर आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायक इमरान हुसैन भाजपा उम्मीदवार कपिल बागड़ी से 25 हजार सात सौ से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
गांधी नगर सीट पर भाजपा के अरविंदर सिंह लवली, आम आदमी पार्टी के नवीन चौधरी से पांच हजार दो सौ से अधिक मतों से आगे हैं। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान विधायक सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट पर भारतीय जनता पार्टी की शिक्षा राय से दो हजार से अधिक मतों से पीछे हैं। मालवीय नगर सीट पर दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती भारतीय जनता के सतीश उपाध्याय से चार हजार चार सौ से अधिक मतों से पीछे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता 10 हजार नौ सौ से अधिक मतों से आगे हैं। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रदीप मित्तल पिछड़ रहे हैं। बिजवासन सीट पर भारतीय जनता पार्टी के कैलाश गहलोत आम आदमी पार्टी के सुरेन्दर भारद्वाज से छह हजार एक सौ से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
करावल नगर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के कपिल मिश्रा आम आदमी पार्टी के मनोज कुमार त्यागी से 22 हजार दो सौ से अधिक मतों से आगे हैं।