संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद ने कांगो लोकतांत्रिक गणतंत्र के पूर्वी क्षेत्र में विद्रोहियों के आक्रमण की कड़ी निन्‍दा की

संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में कांगो लोकतांत्रिक गणतंत्र के पूर्वी क्षेत्र में विद्रोहियों के आक्रमण की कड़ी निन्‍दा की है। सुरक्षा परिषद ने उनसे तत्‍काल पीछे लौटने और सभी पक्षों से संघर्ष विराम का पालन करने की अपील की है।

कांगो लोकतांत्रिक गणतंत्र की स्थिति के मुद्दे पर आपातकालीन बैठक के बाद सुरक्षा परिषद के सदस्‍यों ने उत्तरी किवू प्रांत में एम-23 विद्रोहियों के आगे बढ़ने और उनकी गतिविधियों की निन्‍दा की।

सदस्‍यों ने उत्तरी किवू की राजधानी और प्रमुख क्षेत्रीय गोमा पर खतरे को लेकर गंभीर चिन्‍ता व्‍यक्‍त की।

उन्‍होंने कांगो में संयुक्‍त राष्‍ट्र के स्थिरता मिशन को पूर्ण समर्थन दोहराया और शांति कर्मियों की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि शांति कर्मियों पर हमले युद्ध अपराध करार दिये जा सकते हैं। परिषद के सदस्‍यों ने वहां मध्‍यस्‍थता के प्रयासों को भी समर्थन की पुष्टि की।