राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पुरी के ब्लू फ्लैग बीच पर कल भारतीय नौसेना दिवस सहित कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भागीदारी करने के लिए पांच दिवसीय ओडिशा यात्रा पर आज शाम भुबनेश्वर पहुंचेंगी। अपने आगमन के तुरंत बाद राष्ट्रपति भुबनेश्वर में पंडित रघुनाथ मुर्मु की नई प्रतिमा का अनावरण करेंगी और आदिम ओवार जरपा जाहेर का दौरा करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मु कल सुबह 12वीं सदी में पुरी में निर्मित जगन्नाथ मंदिर जाएंगी और पूर्जा अर्चना करेंगी। वे कल पुरी में गोपबंधु आयुर्वेद महाविद्यालय के 75वें वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति नौसेना दिवस के अवसर पर दोपहर बाद ब्लू फ्लैग बीच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी नौसेना दिवस की मेजबानी करेंगे। भारतीय नौसेना एक भव्य ऑपरेशनल प्रदर्शन प्रस्तुत करेगी। यह कार्यक्रम 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान नौसेना के महत्वपूर्ण हमले ऑपरेशन ट्राइडेंट की वर्षगांठ को दर्शाएगा।
इस कार्यक्रम में भारतीय सेना के समुद्री कमांडो और कर्मियों के समर्थन से 15 जहाजों, पनडुब्बियों और 40 से अधिक विमानों का प्रदर्शन किया जाएगा। भारत के समुद्री हितों की रक्षा को समर्पित नौसेना की क्षमताओं को दर्शाते हुए इस कार्यक्रम में मिग-29के और हॉक लडाकू विमानों के हवाई करतब, मार्कोस कमांडो के युद्धक अभ्यास, समुद्री अभियानों, एंफिबियस लैंडिंग और युद्धपोतों से रॉकेट के दागे जाने का प्रदर्शन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भुबनेश्वर में ओडिशा कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 40वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वे भुबनेश्वर में नये न्यायिक अदालत परिसर के उद्घाटन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी। राष्ट्रपति मुर्मु शुक्रवार और शनिवार को विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए अपने गृह जिले मयूरभंज जाएंगी और दिल्ली लौटने से पहले विद्यार्थियों से बातचीत करेंगी।