रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने देश के नए परमाणु सिद्धांत के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। क्रेमलिन वेबसाइट पर प्रकाशित आदेश में कहा गया है कि किसी राष्ट्र या सैन्य गठबंधन अथवा ब्लॉक द्वारा रूस या उसके सहयोगी देशों पर किए गए हमले को समूचे ब्लॉक पर हमला समझा जाएगा। इसमें यह भी कहा गया है कि किसी गैर परमाणु राष्ट्र द्वारा परमाणु राष्ट्र की भागीदारी या सहायता से रूस के खिलाफ किये गए हमले को संयुक्त आक्रमण समझा जाएगा।
दस्तावेज के अनुसार रूस परमाणु हथियारों को प्रतिरोधक के रूप में देखता है, ताकि परमाणु खतरे को कम किया जा सके और देशों के बीच ऐसे तनाव से बचा जा सके जिसकी परिणति परमाणु युद्ध सहित सैन्य संघर्ष में होने की आशंका हो।