सामागुड़ी उपचुनाव: कांग्रेस-भाजपा समर्थक आपस में भिड़े

नगांव (असम), 15 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा हुई भी नहीं कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं बीच झड़पें शुरू हो गई। मंगलवार को चुनाव केंद्रित हिंसा रूपहीहाट में हुई।

जानकारी के अनुसार सामागुड़ी विधानसभा क्षेत्र में आगामी उपचुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने सुबह बाइक रैली निकाली थी। कांग्रेस के समर्थकों ने सिंगिमारी से बाइक रैली निकाली। भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने रूपहीहाट विधानसभा क्षेत्र के कुछ लोगों को रैली में शामिल होने के लिए बाइक से सिंगिमारी जाने से कथित रूप से रोक दिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई।

लोगों ने इस मार्ग पर चलने वाले कई वाहनों को कथित निशाना बनाया। रूपहीहाट पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया।

इस बीच, भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा का पोस्टर फाड़े जाने के कारण तनावपूर्ण स्थिति पैदा हुई। कांग्रेस और भाजपा के बीच हुई इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *