हरियाणा में भाजपा विधायक दल की बैठक 16 को

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सभी विधायकों को दो दिन के लिए चंडीगढ़ बुलाया

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में नई सरकार के गठन की तैयारी हो चुकी है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी और मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम तय होने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने 16 अक्टूबर को चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक आहूत की है। बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नायब सैनी को विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

भाजपा 17 अक्टूबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की सफलता को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारी में जुटी है। रविवार को दिनभर पंचकूला में पार्टी के आला नेताओं की बैठक चलती रही। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले नेताओं को आमंत्रण भेजे जा रहे हैं। दूसरे राज्यों के जिन मुख्यमंत्रियों की स्वीकृति आ चुकी है उनके अनुसार यहां पर प्रबंध किए जा रहे हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार अभी तक असम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के मुख्यमंत्रियों की स्वीकृति आ चुकी है। केंद्रीय मंत्रियों का कार्यक्रम मंगलवार तक पहुंचेगा। समारोह स्थल पर प्रोटोकॉल के अनुसार बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

इसे लेकर आज दिनभर पुलिस के आला अधिकारियों ने जहां समारोह स्थल का दौरा किया वहीं भाजपा नेताओं के साथ भी बैठकें कीं। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने 16 अक्टूबर को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक आहूत की है। बैठक में सभी 48 विधायकों को शामिल होने के लिए कहा गया है। भाजपा मुख्यालय द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सभी विधायक दो दिन के लिए चंडीगढ़ में प्रवास करेंगे। इसकी व्यवस्था वह करके आएं।

कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को विधायक दल की बैठक होगी। इसमें पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नायब सैनी को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद नायब सैनी राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 अक्टूबर को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय नायब सैनी तथा मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। हरियाणा के विभिन्न हलकों से आने वाले विधायकों के ठहरने के लिए चंडीगढ़ स्थित एमएलए हास्टल में व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा आज ही एमएलए हास्टल के अधिकारियों को भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *