स्वास्थ्य और स्वाद दोनों से मिलकर बनता है आयुष आहारः प्रतापराव जाधव

नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने कहा कि स्वास्थ्य और स्वाद दोनों से मिलकर बना है आयुष आहार। शुक्रवार को वर्ल्ड फूड इंडिया में लगी आयुष प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान प्रताप राव जाधव ने कहा कि विभिन्न गतिविधियों और आयुष उत्पादों का निरीक्षण किया गया। जाधव ने कहा कि आयुष आहार खाने से स्वास्थ्य सही रहने के साथ-साथ आयु में भी वृद्धि होती है। आयुष मंत्रालय द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में विभिन्न आयुर्वेद आहार की विभिन्न रेसिपीज़ को प्रदर्शित किया गया है ताकि लोग आसानी से अपने घर में आयुष आहार बना सकें। ऐसा करके हम स्वस्थ भारत की परिकल्पना को साकार कर पाएंगे।

आयुष मंत्री ने यह भी कहा कि मंत्रालय आयुर्वेदिक खाद्य पदार्थों के लिए मानकीकृत दिशानिर्देश विकसित करने और वैश्विक बाजारों में आयुर्वेद आहार को लोकप्रिय बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय नियामक निकायों के साथ मिलकर काम करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के पास स्थायी और निवारक स्वास्थ्य समाधानों की पेशकश कर वैश्विक खाद्य परिदृश्य को बदलने की क्षमता है। हम इस क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

आयुष मंत्री ने कहा कि आयुष मंत्रालय के पवेलियन में प्रदर्शित उत्पाद पारंपरिक ज्ञान को समकालीन खाद्य समाधानों के साथ जोड़ते हैं, जिससे इनकी वैश्विक मांग में वृद्धि हो रही है। भारतीय आयुर्वेद-प्रेरित खाद्य परंपराओं की प्रासंगिकता और उनकी आधुनिक वैश्विक स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में भूमिका पर जोर दिया। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री ने आधुनिक जीवनशैली के संदर्भ में आयुर्वेद को मुख्यधारा के पोषण और स्वास्थ्य में शामिल करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

जाधव ने कहा कि वर्ल्ड फूड इंडिया भोजन से जुड़े प्राचीन ज्ञान को वैश्विक मंच पर लाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि आयुष मंत्रालय ने प्रगति मैदान में 19 से 22 सितंबर तक आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 के दौरान अपने पवेलियन में आयुर्वेद आधारित आहार और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा से जुड़े विभिन्न खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन कर वैश्विक दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *