मुंबई एयरपोर्ट पर साढ़े सात किलो सोने के साथ आठ गिरफ्तार

मुंबई, 14 सितंबर (हि.स.)। सीमा शुल्क विभाग (कस्टम विभाग) ने मुंबई एयरपोर्ट पर तस्करी के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 7.465 किलोग्राम सोना भी बरामद किया गया है। बरामद सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5.113 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपितों में मुंबई एयरपोर्ट के दो संविदा कर्मचारी भी हैं।

मुंबई कस्टम विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि विभाग की ओर से गुरुवार एवं शुक्रवार को विशेष कार्रवाई की गई थी। इसके तहत पहले मामले में दुबई और मेडागास्कर के तीन यात्रियों की तलाशी ली गयी। उनके पास से कुल 4.655 किलोग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया गया। यह सोना बड़ी चालाकी से दो यात्रियों ने अपने पतलून की जेब में छिपाया था। दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एक अन्य ऑपरेशन में एयरपोर्ट के डिपार्चर एरिया में काम करने वाले दो संविदा कर्मियों को सोने की तस्करी करते पकड़ा गया। इनके पास से सात मोम की थैलियों में छुपाया गया 24 कैरेट का 2.81 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है। आरोपित ने सोना अंडरवियर और पतलून की जेब में छिपा रखा था। इन दोनों से पूछताछ में पता चला कि इन दोनों के चार अन्य साथी भी सोने की तस्करी में शामिल हैं। इस तरह कस्टम ने सभी छह लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में गिरफ्तार किये गए कुल आठ लोगों से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *