प्रदेश में नये जिलों की समीक्षा हो रही है, कुछ जिले तो हटेगें- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

भीलवाड़ा, 8 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ रविवार सुबह रेल मार्ग से भीलवाड़ा पहुंचे। उन्हाेंने जैन मुनि रामलाल महाराज के दर्शन किए। इसके बाद वे उदयपुर के लिए रवाना हो गए। भीलवाड़ा आगमन पर सांसद दामोदर अग्रवाल और भाजपा जिला पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पत्रकाराें से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में राजस्थान में भाजपा के अब तक करीब 8 लाख सदस्य बने है। इसमें पुराने भी शामिल है। इस संख्या की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में काफी उत्साह है। भाजपा का लक्ष्य प्रदेश में और अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ना है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “भाजपा का सदस्यता अभियान एक सतत प्रक्रिया है, और हम इसे लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। हम चाहते हैं कि हर व्यक्ति जो भाजपा की विचारधारा से प्रेरित है, पार्टी से जुड़े और हमारे परिवार का हिस्सा बने।”

भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी के भाजपा की सदस्यता लेने को लेकर उठे विवाद पर भी मदन राठौड़ ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा, “अशोक कोठारी ने पार्टी की नीति, सिद्धांत और राष्ट्रीयता की भावना से प्रेरित होकर सदस्यता ली है। हालांकि, किसी को सदस्यता देना या ना देना हमारे संगठनात्मक अधिकार क्षेत्र में आता है। हम इस मामले में संगठन की नीतियों का पालन करेंगे और उचित निर्णय लेंगे।” इस पर पार्टी अध्यक्ष का फैसला ही अंतिम मान्य है। उन्हाेंने स्पष्ट किया कि पार्टी में सदस्यता के मुद्दे पर कोई विवाद नहीं है और जो भी पार्टी के सिद्धांतों के साथ चलता है, उसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह है, जहां सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा है।

विधानसभा उपचुनावों की तैयारियों के संबंध में मदन राठौड़ ने बताया कि भाजपा ने एक सतत प्रक्रिया के तहत सभी उपचुनावों के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी में उपचुनाव की तैयारी भी एक निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा है। हम पहले से ही तैयारी में जुटे हैं, लेकिन चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद ही हम अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।” राठौर ने जोर देकर कहा कि भाजपा उपचुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी का फोकस जनता के मुद्दों को लेकर होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना है और चुनावी रणनीति भी इसी दिशा में बनाई जाएगी।

नए जिलों के गठन पर सरकार की समीक्षा

नए जिलों के गठन और पुराने जिलों के समाप्त करने के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ने इस विषय पर एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई है, जिसने अपनी समीक्षा रिपोर्ट पेश की है। राठौर ने कहा, “कई ऐसे जिले हैं जो बनने लायक नहीं थे और सरकार की समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर उन्हें जल्द ही समाप्त किया जाएगा। हमारा मानना है कि प्रशासनिक दृष्टि से जो जिले कार्य करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है।” उन्होंने कहा कि कुछ जिले तो हटेगें। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा प्रशासनिक सुधारों की पक्षधर है और पार्टी चाहती है कि राज्य में सुशासन हो। उन्होंने कहा कि भाजपा उन सभी मुद्दों पर सरकार का समर्थन करेगी जो जनता के हित में होंगे, लेकिन गलत निर्णयों का पुरजोर विरोध भी किया जाएगा।

मदन राठौड़ ने यह भी कहा कि भाजपा का फोकस केवल चुनाव जीतने पर नहीं बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान पर भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और पार्टी नेतृत्व हमेशा उनकी समस्याओं को हल करने के लिए तत्पर रहता है। प्रदेश अध्यक्ष राठौर ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, “भाजपा कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं। हमें गर्व है कि हमारे पास ऐसे कार्यकर्ता हैं जो बिना किसी स्वार्थ के जनता की सेवा में लगे रहते हैं। आने वाले चुनावों में हम इन कार्यकर्ताओं की बदौलत एक बार फिर से जीत दर्ज करेंगे।”

इस दौरान भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल तथा भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी भी उनके साथ रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *