बादल फटने से एनएच-29 पर हुए भूस्खलन में छह लोगों की मौत

-मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने घटना पर जताया दुख

कोहिमा, 4 सितंबर (हि.स.)। बादल फटने के कारण नगालैंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर हुए भूस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। आज हुई इस घटना ने डिमापुर-कोहिमा राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया। जानकारी के अनुसार सभी छह शव बरामद कर लिए गए हैं।

इस घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने एक आपात बैठक बुलाई और एनएच-29 पर आपदा की स्थिति का जायजा लिया, जिसके परिणामस्वरूप 6 लोग हताहत हुए। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि मैं नागरिकों से सरकारी सलाह पर ध्यान देने का आग्रह करता हूं। सरकार आपातकालीन सेवाएं और अनुग्रह राशि प्रदान कर रही है। मैं मृतकों के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

इस घटना में मृतकों की पहचान ख्रीसंगुली (46), समीर दत्ता (43), अनहियू (57, महिला), दाजू (60), सोपोन बिस्वास (32) और विजय (28) के रूप में हुई है। खबर लिखे जाने तक घायलों में रुजुओज़ी (36, महिला), सुहेल अकरम (38) तथा अनिल चौधरी (27) शामिल हैं।

इस भूस्खलन के बाद आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की संभावित कमी के बारे में बढ़ती चिंताओं को दूर करने के लिए एक तत्काल नोटिस जारी किया है। जिला प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-29 के एक हिस्से को भूस्खलन से प्रभावित होने के बावजूद वर्तमान में आवश्यक वस्तुओं या ईंधन की कोई कमी नहीं है। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से इन महत्वपूर्ण वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *