चेक गणराज्य पुलिस ने 29 प्रवासियों को हिरासत में लिया, एक महिला की मौत

प्राग, 03 सितंबर (हि.स.)। चेक गणराज्य पुलिस ने प्रवासियों को लेकर जा रहे ट्रक को जब्त कर लिया है। इस ट्रक में 30 प्रवासी मिले। इनमें एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बाकी 29 प्रवासियों को हिरासत में ले लिया है। चेक गणराज्य पुलिस ने यह जानकारी एक्स हैंडल पर दी है।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सोमवार रात 8:00 बजे के बाद प्राग के उत्तर में राजमार्ग पर वेलट्रूसी के पास डी8 मोटर-वे पर प्रवासियों को लेकर जा रहे एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। इन प्रवासियों को हिरासत में ले लिया गया। यह सभी पारगमन प्रवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद करीब 30 मिनट के लिए राजमार्ग को बंद करा दिया गया। इन प्रवासियों में से कुछ ने भागने की कोशिश भी की। पीछा करने पर छुप गए। उन्हें हेलिकॉप्टर की मदद से खोजा गया। इनमें से कुछ का का स्वास्थ्य ठीक नहीं था। उनका मौके पर इलाज कराया गया। किसी को भी अस्पताल में दाखिल नहीं कराना पड़ा। इन लोगों की राष्ट्रीयता का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

रेडियो प्राग इंटरनेशनल के अनुसार, चेक पुलिस ने लगभग 30 प्रवासियों को ले जा रहे एक ट्रक को रोका तो उनमें से कुछ ने कूदकर भागने का प्रयास किया। प्रवासियों का स्वास्थ्य खराब पाया गया और बचाव प्रयासों के बावजूद एक महिला की मृत्यु हो गई। यह घटना बोहेमिया और जर्मनी को जोड़ने वाले राजमार्ग डी8 पर सोमवार शाम हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *