जगाधरी ऑटो रिक्शा यूनियन के कई पदाधिकारी भाजपा में शामिल

– कांग्रेस को तीसरी बार हराने के लिए हमारे कार्यकर्ता है तैयार: कंवरपाल

यमुनानगर, 1 सितंबर (हि.स.)। जगाधरी विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी में लाेगाें के शामिल हाेने का सिलसिला जारी है। विभिन्न संगठन भी भाजपा का समर्थन की घोषणा कर रहे हैं। रविवार को जगाधरी ऑटो रिक्शा यूनियन ने कृषि मंत्री कंवरपाल की प्रेरणा से भाजपा का समर्थन देने का ऐलान किया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने भाजपा ज्वाइन कर ली। कृषि मंत्री कंवर पाल ने इन सभी को पार्टी का पटका पहनाकर उनका भाजपा परिवार में स्वागत किया।

रविवार को यह जानकारी देते हुए कृषि मंत्री कंवर पाल ने बताया कि आज जगाधरी ऑटो रिक्शा यूनियन के रोहित कंबोज अपनी यूनियन के कई पदाधकारियाें व साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। सभी को पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। मंत्री कंवरपाल ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसमें छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े पदाधिकारी तक सभी को बराबर मान-सम्मान मिलता है। भाजपा में मिलने वाले मान-सम्मान व नीतियों एवं योजनाओं से प्रभावित होकर प्रतिदिन भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। इसीलिए लोगों के बीच में तरह-तरह की भ्रांतियां फैला रहे हैं। प्रदेश में पिछले 10 सालों से भाजपा सरकार में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा चुनावी दंगल में कांग्रेस को लगातार तीसरी बार भी चित करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारे पास जनता के बीच कहने के लिए अनेक उपलब्धियों और कराए गए काम हैं। जबकि कांग्रेस की दुकान में झूठ भरा हुआ है और कांग्रेस जनता के बीच जाकर झूठ परोस रही है। भाजपा सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय के मूल मंत्र के साथ हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।

इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विपुल गर्ग सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *