अकाल तख्त के समक्ष पेश होकर सुखबीर बादल ने सौंपा माफीनामा

अब पांच सिंह साहिबान सुनाएंगे धार्मिक सजा

चंडीगढ़, 31 अगस्त (हि.स.)। अकाल तख्त साहिब से शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को तनखैया करार दिए जाने के बाद शनिवार को वह एक सामान्य सिख की भांति अकाल तख्त साहिब पर पेश हुए और अपना माफीनामा सौंपा। सुखबीर के अलावा तत्कालीन बादल सरकार में मंत्री रह चुके दलजीत सिंह

चीमा और अन्य ने भी अपना स्पष्टीकरण दिया है। अब इस पर पांच सिंह साहिबान धार्मिक सजा सुनाएंगे।

शनिवार काे सुखबीर बादल ने अपनी सरकार में मंत्री रहे दलजीत सिंह चीमा व अन्य नेताओं के साथ दरबार साहिब में माथा टेका। इसके बाद वह अकाल तख्त साहिब सचिवालय गए। वहां उन्होंने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह के स्टाफ को अपना माफीनामा सौंपा। सुखबीर के साथ पूर्व बादल सरकार में मंत्री रह चुके दलजीत सिंह चीमा, गुलजार सिंह राणिके, शरणजीत सिंह ढिल्लों तथा महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल ने भी अपना स्पष्टीकरण अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में जमा करवाया और आग्रह किया है कि पांचों तख्तों के सिंह साहिबान जल्द बैठक बुलाकर उनके लिए अगला आदेश जारी करें।

उल्लेखनीय है कि बादल सरकार के कार्यकाल में हुई बेअदबी व अन्य घटनाओं के अलावा बादल सरकार के फैसलों को लेकर शुक्रवार को पांच सिंह साहिबानों की बैठक में सुखबीर बादल को दोषी करार दिया था। अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह ने सुखबीर बादल को 15 दिन के भीतर पेश होने के लिए कहा था। बादल को जत्थेदार के हुक्मनामे की प्रति आज ही सुबह मिली और इसके बाद वह तुरंत ही दरबार साहिब पहुंच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *