नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की अफवाह फैलाकर बवाल काटने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

गाजियाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के लिंक रोड थानाक्षेत्र में नाबालिग किशाेरी के साथ दुष्कर्म की वारदात के बाद सामूहिक दुष्कर्म की अफवाह फैलाकर उपद्रव करने वालों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार की रात प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

डीसीपी (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटिल ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर बताया कि उपद्रव करने वाले लोगों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना स्थल की वीडियो से उपद्रव करने वालों पहचान की जा रही है। पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी पुलिस द्वारा कराई गई थी। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी फैजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले के सामूहिक दुष्कर्म होने से साफ इंकार किया है।

डीसीपी निमिष पाटिल ने एक वीडियो बयान में पूरे मामले की विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मामले में सबसे पहले पीड़िता के परिजनों ने डायल- 112 पर कॉल करके जानकारी मिली थी। बताया गया कि उनकी गली में रहने वाले एक युवक ने घर में घुसकर 16 साल की किशाेरी के साथ गलत काम किया है। इसके लिए उसने किशाेरी के साथ मारपीट की और बाल खींचे, उसके बाद कुछ नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। कॉल का पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के ल‌िए भेज दिया गया।

मेडिकल परीक्षण करने वाली महिला चिकित्सक को पीड़िता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनके घर में घुस आया और कुछ नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके बाद गलत काम किया। पीड़िता ने एक आरोपी के अलावा किसी की उपस्थिति की बात भी अपने बयान में नहीं कही गई। मेडिकल परीक्षण और पीड़िता के बयान पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

डीसीपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को शाम करीब छह बजे कुछ लोगों ने साजिश के तहत इस मामले में किशाेरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की अफवाह फैला दी, जिससे लोगों में रोष व्याप्त हो गया। भीड़ ने जाम लगाया और उपद्रव किया। आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही एक ई-रिक्श में आग लगा दी। पुलिस के बार-बार समझाने के बाद भी उपद्रवी नहीं माने तो उन पर सख्ती की गई।

डीसीपी ने बताया कि वीडियोग्राफी के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सभी के खिलाफ कानून अपना काम करेगा। पीड़िता को न्याय दिलाने के ल‌िए भी पुलिस गम्भीर प्रयास करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *