महिला सवारी के साथ दुष्कर्म के प्रयास मामले में ऑटो चालक पुलिस मुठभेड़ में घायल

नोएडा, 24 अगस्त (हि.स.)। महिला सवारी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाला ऑटो चालक नोएडा पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कुलदीप उर्फ सोनू के रूप में हुई है। आरोपी ग्रेटर नोएडा में स्थित सुत्याना गांव थाना ईकोटेक-3 का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक ऑटो और अवैध हथियार बरामद किए है। आरोपी ऑटो ड्राइवर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के कई मामलों में वांछित था।

सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने शनिवार काे बताया कि कुछ दिन पहले कुलदीप ने फेस-2 थाना क्षेत्र में अपने ऑटो में एक महिला को बैठाया था और उसे सुनसान इलाके में ले गया। जहां उसने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की तो महिला ने हिम्मत दिखाते हुए वहां से भागकर अपनी जान बचाई। महिला ने ऑटो का नंबर नोट कर लिया और अपने भाई को इस घटना की जानकारी दी। बाद में महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

एडीसीपी ने बताया कि शुक्रवार की देर रात पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने ऑटो में उसी रास्ते से निकलने वाला है। पुलिस उस जगह पहुंची। थोड़ी देर बाद पुलिस ने आरोपी का ऑटो आते देखा और उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय ऑटो भगाने की कोशिश की। ऑटो तेज रफ्तार से मेन रोड से फूल मंडी सर्विस रोड की ओर भागने लगा। एक मोड़ पर ऑटो पुलिया से टकरा गया, इस दाैरान आरोपी ने वहां पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की जांच में पता चला कि कुलदीप उर्फ सोनू के खिलाफ पहले से ही सात मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *