युवा मोर्चा को संगठन सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए : बीएल संतोष

नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा की शनिवार को एक दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने युवा मोर्चा से संगठन सदस्यता अभियान में सक्रियता से काम करने का आह्वान किया। प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यकारिणी के समापन सत्र में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन विकास एवं विस्तार में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को अनुशासन से चलना चाहिए जो कार्यकर्ता एवं संगठन दोनों को प्रसिद्धि दिलवाता है।

सागर त्यागी की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी बैठक के उद्घाटन सत्र को प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने भी संबोधित किया। सचदेवा ने कहा कि हर संगठन को चलाने के लिए हर एक वर्ग का विशेष योगदान होता है, लेकिन आज युवा मोर्चा संगठन की धड़कन बन चुका है। यही धड़कन धीरे-धीरे शरीर का रूप लेती है और अपना नेतृत्व स्थापित करती है। उन्हाेंने सभी युवा कार्यकर्ताओं को कहा कि कभी किसी की निंदा नहीं करनी चाहिए और ना ही किसी की निंदा सुननी चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि इंसान की निंदा करने से आप अपने मूल कार्यों से भटक जाते हैं और फिर जीवन में काफी पीछे रहते हैं।

सचदेवा ने कहा कि आने वाला समय काफी चुनौतीपूर्ण होने वाला है और खासकर विधानसभा चुनाव में युवा साथियों की अहम भूमिका होने वाली है। इसलिए आने वाला वक्त दिल्ली की तस्वीर बदलने के लिए अहम है और इसके लिए हमें अभी से तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपकी दिन रात प्रशंसा करने वाला व्यक्ति ही आपका सबसे बड़ा दुश्मन है। आप इस मुकाम तक अपने कार्य की बदौलत पहुंचे हैं तो इसलिए अपने कार्य को महत्व दें।

बैठक में प्रदेश महामंत्री और सांसद कमलजीत सहरावत, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, संयुक्त मोर्चा प्रभारी सुमित भसीन ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। युवा मोर्चा प्रभारी अभिषेक टंडन, सह प्रभारी सुमित सेठ सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *