भाजपा सदस्यता अभियान में ओबीसी मोर्चा अहम भूमिका निभाएगा : विनोद तावड़े

नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शनिवार को राष्ट्रीय महामंत्री एवं सदस्यता अभियान प्रमुख विनोद तावड़े ने कहा कि एक सितंबर से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान में ओबीसी मोर्चा एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की सरकार बनाने में पिछड़ा वर्ग का अहम योगदान है। तावड़े ने कहा कि जब भाजपा मजबूत होगी तो पिछड़ा वर्ग मजबूत होगा और जब पिछड़ा वर्ग मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा पिछड़ा वर्ग के वोटरों को भाजपा की सदस्यता दिलाकर भाजपा को मजबूत करने का कार्य करें।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में विनोद तावड़े ने कहा कि अपने-अपने गांव, शहर, जिला में जाकर अपने प्रदेश की पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल विभिन्न जातियों में यह देखें कि कौन सी जाति के वोटर भाजपा से कम संख्या में जुड़ें है, उन्हें चिन्हित करके उस वर्ग को पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश के पदाधिकारी गांव -गांव जाकर प्रवास करें और पिछड़ा वर्ग के लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाएं। तावड़े ने कहा कि इस बार भाजपा के कार्यकर्ता अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़कर 11 करोड़ से अधिक वोटर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाएंगे। उन्होंने बताया कि इस सदस्यता अभियान की शुरुआत सितंबर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पहली सदस्यता दिलाकर की जाएगी।

ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ के. लक्ष्मण ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के शासन में पिछड़ा वर्ग का बहुत विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल में पिछड़ा वर्ग के छात्रों को 27 प्रतिशत आरक्षण देकर पिछड़ा वर्ग को विकसित करने का अभूतपूर्व निर्णय हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नेहरू से लेकर राहुल तक हमेशा पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का विरोध किया जबकि भाजपा ने न केवल आरक्षण दिया अपितु पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया और मोदी जी के मंत्रिमंडल में पिछड़ा वर्ग के 27 मंत्रियों को स्थान देकर पिछड़ा वर्ग को मजबूत करने का काम किया है।

बैठक को ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ संगम लाल गुप्ता, निखिल आनंद, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र कश्यप, मध्यप्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, मध्यप्रदेश की केबिनेट मंत्री कृष्ण गौड़ ने भी संबोधित किया। ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रमुख राहुल नागर ने सदस्यता अभियान बारे कार्यशाला में सदस्य बनाने की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *