नक्सली बताकर पुलिस जवान और उनके भाई के घर में भीषण डकैती

पलामू, 23 अगस्त (हि.स.)। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र सिंगरा के बजराहा में पुलिस जवान और उनके भाई के घर में भीषण डकैती हो गई। हथियार के बल पर 12 से 15 अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। डकैत खुद को नक्सली बता रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद एवं सदर थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी है। घटना गुरुवार रात के 12 बजे के करीब की है। पुलिस जवान संदीप राम के घर में डकैत लकड़ी की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े थे उसके बाद पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और घर में रखे जेवरात और नगद को लूट लिया।

डकैतों ने संदीप राम के पिता को बंधक बनाया। बंधक बनाने के बाद डकैत पिता के माध्यम से संदीप के बड़े भाई का घर खुलवाया और लूटपाट की। संदीप राम के बड़े भाई लालसू राम ने शुक्रवार को बताया कि घर खुलवाने के बाद उन्हें हथियार के बल पर बंधक बना लिया गया था। डकैतों ने उनके हाथ पैर बांध दिए और घर के कमरे में बंद कर दिया था। बाद में डकैती उनके घर से नगद और जेवरात लेकर चले गए। डकैती घटना को अंजाम देने वाले खुद को नक्सली बता रहे है।

सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि दो घरों में डकैती की घटना हुई है। पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है और डकैतों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। लुट गई संपत्ति का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *