महिला से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

फिरोजाबाद, 18 अगस्त (हि.स.)। थाना पचोखरा पुलिस ने शनिवार की देर रात दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभियुक्त से अवैध असलहा बरामद हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार की रात थाना पचोखरा पर एक नामजद मुकदमा दर्ज हुआ कि एक महिला जो ससुराल से अपने मायके जा रही थी। रास्ते में ग्राम नगला सूरज के पास बनी दुकानों के बरामदे में बंटू द्वारा दुष्कर्म किया गया।

इस घटना के खुलासे और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया था। पचोखरा पुलिस टीम लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी, तभी देर रात पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्त बंटू नगला सूरज बम्बे के किनारे खेतों में छुपा हुआ है, जो कि कहीं भागने की फिराक में हैं। थाना पचोखरा पुलिस टीम ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए खेत में घेराव किया। इस पर अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगा और पुलिस टीम पर अवैध असलहा से फायर करने लगा। पुलिस टीम की अभियुक्त से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में अभियुक्त घायल हो गया। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। इसके कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *