अवंतीबाई लोधी की शोभायात्रा में मारपीट और पथराव

मेरठ, 17 अगस्त (हि.स.)। मेरठ में शुक्रवार की देर रात अवंतीबाई लोधी की शोभायात्रा के दौरान खैर नगर में मारपीट और पथराव हो गया। मुस्लिम समाज द्वारा पथराव करने के बाद शोभायात्रा में शामिल लोगों ने भी पत्थर फेंके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला। इस दौरान भाजपा नेताओं ने एसपी सिटी से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वीरांगना अवंतीबाई लोधी के जन्मदिवस पर शुक्रवार को लोधी युवा संगठन ने विशाल शोभायात्रा निकाली। देर शाम दिल्ली रोड स्थित शिवशक्ति नगर स्थित दुर्जन सिंह लोधी मंदिर से यह शोभायात्रा शुरू हुई। इसके बाद शोभायात्रा इंदिरानगर, ब्रह्मपुरी, लोधों का पुल, ईश्वरपुरी, कबाड़ी बाजार, वैली बाजार से होते हुए देर रात देहली गेट थाना क्षेत्र के खैरनगर बाजार पहुंची। जब शोभायात्रा का आखिरी डोला निकल रहा था तभी अचानक उसका जेनरेटर खराब हो गया। आरोप है कि जब लोधी समाज के युवक जनरेटर को ठीक कर रहे थे तो मुस्लिमों ने जनरेटर की चाबी निकाल ली। विरोध करने पर मुस्लिमों ने उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद पथराव कर दिया। जवाब में शोभायात्रा में शामिल लोगों ने भी पथराव कर दिया। जबकि मुस्लिम पक्ष का आरोप है कि शोभायात्रा का म्यूजिक सिस्टम का एक स्पीकर गिरने से एक युवक घायल हो गया, इसके बाद बवाल हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाठी फटकार कर लोगों को शांत किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह खुद मौके पर पहुंचे और कड़ी सुरक्षा में शोभायात्रा संपन्न कराई। इसके बाद भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि 2006 से यह शोभायात्रा निकाली जा रही है। यात्रा की अनुमति ली गई थी, इसके बाद भी पुलिस सुरक्षा नहीं दी गई। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और रासुका लगानी चाहिए। एसएसपी डॉ. विपिन टाडा ने इस मामले में जांच करने की बात कही है। खैर नगर बाजार में पूरी रात पुलिस और पीएसी तैनात रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *