महाराष्ट्र में कांग्रेस महाविकास आघाड़ी के साथ चुनाव लड़ेगी : केसी वेणुगोपाल

– विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर कार्रवाई होगी

मुंबई, 19 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी के साथ मिलकर मजबूती से विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधान परिषद चुनाव में पार्टी के साथ गद्दारी करने वालों पर जल्द कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस पार्टी के नेताओं की शुक्रवार को मुंबई के गरवारे क्लब में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक के बाद वेणुगोपाल ने पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा कांग्रेस पार्टी महाविकास आघाड़ी के साथ मिलकर मजबूती से लड़ेगी और तीनों पार्टियां साथ मिलकर सीटों के बटवारे पर चर्चा करेंगीं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव और उसके बाद देशभर में हुए उपचुनावों में भाजपा को करारी शिकस्त मिल रही है।

उन्होंने कहा कि लोग महाराष्ट्र में भी बदलाव चाहते हैं। इसलिए कांग्रेस महाविकास अघाड़ी के साथ मिलकर अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी और तीनों पार्टियां एक साथ बैठकर सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगी। कांग्रेस पार्टी का संकल्प राज्य की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकना है। केसी वेणुगोपाल ने भाजपा पर लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी वे हार गये। अयोध्या के बाद बदरीनाथ में भी भाजपा को जनता ने हरा दिया है। महाराष्ट्र की स्वाभिमानी जनता प्रदेश की भ्रष्ट और असंवैधानिक सरकार को हटाने जा रही है।

नाना पटोले ने कहा कि विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और महाराष्ट्र के स्वाभिमान की रक्षा के लिए लड़ेगी। 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव जी गांधी की जयंती बड़े पैमाने पर मनाई जाएगी और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरग़े, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उपस्थित रहेंगे और उसी दिन विधानसभा चुनाव अभियान का नारियल तोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर विधायक कांग्रेस दल के नेता बालासाहेब थोरात, विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुकुल वासनिक, अविनाश पांडे, गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़, विधान परिषद में समूह नेता सतेज उर्फ बंटी पाटिल, शिवाजीराव मोघे,चंद्रकांत हंडोरे, कुणाल पाटिल, मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *