मुख्यमंत्री धामी बोले- मोदी ने भारत को विश्व का नेतृत्व करने वाला देश बनाया

देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जो माणा और आदि कैलाश जैसे सभी सीमांत क्षेत्र में विकास की योजनाओं को लेकर गए और प्राथमिकता से वहां प्रथम गांव मानकर विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। हालिया नीति आयोग की रिपोर्ट में देश में पहले स्थान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि जन-जन के सहयोग से हमारी विकल्परहित संकल्प के प्रयासों का नतीजा है।

भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में रामराज्य स्थापित करने में सफल हुए हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार मोदी के प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के साथ कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी एकमात्र पार्टी है जिसने कभी अपने विचारों और सिद्धांतों से समझौता नही किया। चाहे धारा 370 समाप्त करना हो, चाहे श्रीराम मंदिर का निर्माण हो, चाहे आर्थिक महाशक्ति बनना हो, चाहे बिजली, पानी से गरीबों को मुफ्त राशन हो। ऐसे अनेकों ऐतिहासिक कार्य और साहसिक एवं दूरदर्शी विदेश नीति से भारत को विश्व का नेतृत्व करने वाला देश बनाया।

उत्तराखंड में राज्य स्थापना दिवस से पूर्व यूसीसी लागू करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि हमारी सरकार ने नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस से पूर्व यूसीसी को लागू करने का लक्ष्य तय किया है। इसका ड्राफ्ट सार्वजनिक कर दिया गया है। शीघ्र जनता को उसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में एक बड़ा तबका ऐसा है जो लगातार भ्रम, झूठ, अफवाह फैलाने साजिश में लगा रहता है। चाहे यात्रा के पंजीकरण की बात हो, चाहे यात्रा मार्ग को लेकर भ्रम फैलाने की साजिश हो, चाहे जातिवाद क्षेत्रवाद-नस्लवाद को संरक्षण देने की बात हो, चाहे धार्मिक स्थलों एवं परंपराओं पर झूठा विवाद खड़ा करने के कुत्सित प्रयास हों। हम सबको ऐसे प्रयासों को असफल बनाना है। हम सबको 2047 तक विकसित भारत के साथ इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाना है। नई ऊर्जा, उत्साह, उमंग, विचार और योजनाओं को अपने-अपने क्षेत्र में लेकर जाना है।

मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनने पर जनता का आभार

भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति सोमवार को ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय सभागार में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित उत्तराखंड बनाने के लक्ष्य के साथ संपन्न हुई। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर थे। कार्यसमिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के तीन साल के कार्यकाल को बेमिसाल बताने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार देश की कमान संभालने पर आभार प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही निर्वाचित लोकसभा सांसदों एवं चुनाव में अच्छा प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ बूथों का सम्मान किया गया। वहीं कठुआ के बलिदानियों एवं दिवंगत विधायक को सम्मान देते हुए शोक प्रस्ताव पास कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यसमिति में संगठन की तरफ से एक सुझाव पेटिका भी रखी गई थी, जिसमें सरकार एवं संगठन से जुड़े सुझाव को संकलित किया गया। कार्यसमिति में मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनने के लिए प्रदेश और देश की जनता का आभार प्रस्ताव पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने प्रस्तुत किया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने धामी सरकार के तीन साल पूरा होने पर आभार प्रस्ताव रखते हुए उनके ऐतिहासिक एवं साहसिक कार्यों पर चर्चा की। प्रस्ताव का अनुमोदन पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा एवं तीरथ सिंह रावत ने रखा। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने लोकसभा चुनाव को लेकर समीक्षात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की।

धामी सरकार ने तीन वर्षों में अनेकों कीर्तिमान स्थापित किए

प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने इन तीन वर्षों में अपने कार्यों से अनेकों कीर्तिमान स्थापित किए हैं। चाहे आपदा की बात हो, कानून व्यवस्था की बात हो, विकास कार्यों की हो या किसी सामाजिक कार्यक्रम में भागीदारी हो। प्रत्येक मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने सामने रहकर नेतृत्व किया, जिसका जनता में अच्छा संदेश गया।

भ्रष्टाचार पर पड़ी है कांग्रेस की नींव, दुष्यंत कुमार ने खोली पोल

दुष्यंत कुमार ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी शुरुआत नेहरू कार्यकाल में जीप घोटाले से हुई, इंदिरा गांधी के कार्यकाल में चपरासी से लेकर प्रधानमंत्री तक ब्रीफकेस कल्चर रहा है, राजीव गांधी बोफोर्स घोटाले के बाद स्वयं कमीशनखोरी को स्वीकार करते रहे। कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व घोटाले के आरोप में जमानत पर चल रहा है।

भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर

प्रदेश प्रभारी दुष्यंत ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंडित जवाहर नेहरु ने भी तीन बार जीत दर्ज की थी, लेकिन उसमें परिस्थितियां पूरी तरह से कांग्रेस के अनुकूल थी। जबकि आज विपरीत परिस्थितियां पांच के बजाय 105 से अधिक पार्टी हैं। आपसी गुटबंदी चरम पर है। बावजूद इसके देश लगातार विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।

आगामी गतिविधियों की रूपरेखा व दिशा निर्धारित करेगी प्रदेश कार्यसमिति

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति को कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि सबकी उपस्थिति में केंद्र और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन से राजनैतिक प्रस्ताव एवं सांगठनिक कार्यक्रमों पर जो भी चर्चा होगी, वह पार्टी की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा व दिशा निर्धारित करेगी।

उप चुनाव ने मंगलौर में तैयार की भाजपा की मजबूत जमीन

उन्होंने हाल के विधानसभा उप चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि बेशक मंगलौर और बद्रीनाथ के नतीजे भाजपा के पक्ष में नहीं आए, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और कर्मठता से प्रयास किए हैं। नतीजों पर नजर डालें तो अंतिम परिणामों से इतर हमने कई मायनों में संतोषजनक प्रदर्शन किया है, विशेषकर मंगलौर विधानसभा में। जिस मंगलौर में हम अक्सर तीसरे और जमानत बचाने के लिए लड़ते थे, आज हम मात्र कुछ सौ वोटों के अंतर से चूक गए हैं। जबकि चंद दिनों पहले हुए लोकसभा चुनाव में भी हम बड़े अंतर से वहां पीछे रहे थे। लिहाजा इस बार के चुनाव ने पार्टी के लिए वहां मजबूत जमीन तैयार की है। बद्रीनाथ में भी हम प्रत्येक राउंड में करीबी मुकाबले में ही पीछे रहे हैं। ऐसे तमाम कारणों की समीक्षा की जाएगी और जहां सुधार की गुंजाइश होगी, वहां अमल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा राज्य में अराजक, भ्रष्टाचारी, देश और सनातन धर्म विरोधी ताकतों को किसी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *