कांग्रेस के झूठ और प्रपंच पर भाजपा का हमला, केंद्रीय मंत्री खट्टर बोले- 99 के ही हेरफेर में खुश है कांग्रेस

– याद करें, 2004 और 2009 में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को लेनी पड़ी थी थर्ड फ्रंट की मददः मनोहर लाल

देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस के झूठ और प्रपंच पर करारा प्रहार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह पहला चुनाव है जब जीतने वाला भी खुश है और हारने वाला भी खुश है।

ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर बतौर मुख्य वक्ता कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय मंत्री खट्टर ने कांग्रेस के झूठ पर उन्होंने कहा कि पहला झूठ यह कि हमारी अल्पमत की सरकार है जबकि पूरी तरह स्पष्ट है कि एनडीए को लोकसभा में 290 सीट मिली है। ना जाने कांग्रेस का कौन सा गणित है, जो इसे 272 से कम मानता है जबकि 2004 में कांग्रेस गठबंधन यूपीए को मात्र 225 सीटें एवं 2009 में 262 सीटें हासिल हुई थी। दोनों बार सरकार बनाने के लिए उन्हें थर्ड फ्रंट की मदद लेनी पड़ी थी। इसके अलावा इस बार हमने दो राज्यों में अकेले दम पर और दो अन्य राज्यों में सहयोगी दलों के मदद से सरकार बनाई है।

उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि वह 99 के ही हेरफेर में ही खुश हैं। इतना ही नहीं, केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष द्वारा एक तिहाई सरकार बताने पर तंज किया कि अभी हमने एक तिहाई समय यानी 10 वर्ष शासन किया है और आगे के दो तिहाई यानी 20 वर्ष और हम शासन करने वाले हैं। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के भाजपा संगठन को बधाई दी कि वह राज्य की पांचों लोकसभा सीटों के साथ संसद की आठों सीटों पर काबिज होने में कामयाब हुए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी राज्यों में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति चुनाव के पहले के बजाय चुनाव उपरांत आयोजित की जा रही है। मकसद स्पष्ट है कि लगातार जनता के मध्य समन्वय बनाने के लिए सक्रियता बढ़ाना है, क्योंकि 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है तो देश के कोने-कोने को विकसित करना होगा। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना है। हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *