जहां कमल खिलता है, वहां सुशासन आता हैः जेपी नड्डा

लखनऊ, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लखनऊ में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश में या राज्यों में जब कमल खिलता है तो सुशासन आता है। जब दूसरे लोग सत्ता में आते हैं तो व्यापारी पलायन करते हैं, बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं होती हैं और घोटाले पर घोटाले होते हैं।

नड्डा ने उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पार्टी सिर्फ आज की नहीं, बल्कि भविष्य की भी पार्टी है। हमारे कंधों पर जो जिम्मेदारी है वो मौसमी नहीं है, वो जिम्मेदारी सदा-सदा के लिए हमारे कंधों पर है। इसीलिए ये 2024 का चुनाव इस बात को परिलक्षित करता है कि भारत की जनता ने 2024 में लगातार तीसरी बार मोदी के नेतृत्व में हमको समर्थन दिया है तो वो विकसित भारत के लिए दिया। ये भविष्य हमारे हाथों में है। इसे संभालकर चलना हमारी जिम्ममेदारी है। इस जिम्मेदारी के प्रति सजग रहें।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कहा कि इन चुनाव के नतीजों ने ये बता दिया कि अकेली भाजपा ही है जो पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण हर जगह है। हम 140 करोड़ देशवासियों के प्रतिनिधि हैं। वहीं दूसरी पार्टियां, जो नॉर्थ ईस्ट में सक्षम हैं वो मध्य भारत में शून्य हैं। अगर कोई उत्तर भारत में सक्षम है तो वो दक्षिण भारत में नहीं दिखता। अगर कोई पश्चिम भारत में सक्षम है तो पूर्व में उसका कोई नाम लेवा भी नहीं। यदि कोई मध्य में तो उसका उत्तर, पूर्व, पश्चिम कहीं भी कोई नाम लेने वाला नहीं है। ये लोग 1984 में हमारे दो सदस्यों की पार्टी होने पर मजाक उड़ाते थे। आज उसी पार्टी ने जहां एक बार अटल जी के नेतृत्व में देश पर राज किया तो वहीं मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार लगातार हमें जनता का आशीर्वाद मिला है।

उन्होंने कहा कि देश में छोटी बड़ी मिलाकर कुल 1500 पार्टियां हैं। किसी भी पार्टी में आंतरिक प्रजातंत्र नहीं है। अधिकतर पार्टियां परिवारवादी हैं। अकेली भाजपा है जो इस मूल मंत्र पर चल रही है कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि तीनों चुनाव में जितने एमपी जीतकर आए वो भी हमारे 240 को पार नहीं करते हैं। तीन चुनाव के बाद आप 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाए। आप सारे मिलकर भी जितना नंबर लाए हैं वो अकेली भाजपा की जितनी सीटें आई हैं, उनके सामने भी कम पड़ता है। 13 राज्यों में कांग्रेस जीरो रही है। गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जहां 64 सीटों पर कांग्रेस से सीधी लड़ाई हुई वहां सिर्फ 2 सीटें कांग्रेस को और 62 सीटें भाजपा के पाले में गई हैं। कांग्रेस जहां अकेले लड़ी है वहां उसका स्ट्राइक रेट 26 प्रतिशत है और जहां ये अन्य दलों के साथ चुनाव लड़ी है वहां इसका स्ट्राइक रेट 50 प्रतिशत है। यानी कांग्रेस आज परजीवी पार्टी हो गई है। ये अपने पैरों पर नहीं खड़ी है, ये दूसरों के वोट पर खड़ी है। आज ये पार्टी बैसाखी पर खड़ी है। इस चुनाव में इन्होंने संविधान पर खूब चर्चा की, लेकिन ये भी बताना हमारी जिम्मेदारी है कि संविधान के साथ खिलवाड़ किसने किया। इन्होंने 90 बार चुनी हुई सरकारों को गिराया है। वो राम मंदिर की बात करते हैं, लेकिन राम मंदिर हमारे लिए चुनाव का नहीं, बल्कि आस्था का मुद्दा है। 1987-88 में भाजपा ने कहा था कि हम राम मंदिर बनाने के रास्ते को प्रशस्त करने का कार्य करेंगे। इस वाक्य के लिए एक बार नहीं अनेक बार हमने कई सरकारों की आहुति दी। कई मुसीबतें सहीं। अंततः जनवरी में हमने भगवान राम का भव्य मंदिर बनते देखा।

उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए नड्डा ने कहा कि आज राज्य देश की दूसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन गया। एक समय था जब यहां पलायन होता था। दिल्ली से बुलंदशहर आते-आते सुबह से सांझ हो जाती थी। आज मथुरा पहुंचने के लिए कोई व्यक्ति रात को दिल्ली नहीं आता। वो बोलता है सुबह 8 बजे बुलाओगे तो एक्सप्रेसवे पकड़कर आ जाउंगा। प्रदेश में एक्सप्रेसवे की झड़ी लगी है या नहीं, एलिवेटेड रोड बन रहा है या नहीं, अंडर पास बन रहा है या नहीं, बन रहा है। बाई पास बन रहा है कि नहीं, बन रहा है, मेडिकल कॉलेज की झड़ी लग रही है या नहीं, एम्स मिला कि नहीं मिला, ये सब कुछ 10 साल के अंदर हुआ।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर सबसे पहले भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक सहित राज्य सरकार के मंत्री और प्रदेश भर के भाजपा के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *