भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में मोदी-योगी का गुणगान, राहुल गांधी की कड़े  शब्दों में निन्दा

प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा ने राजनैतिक प्रस्ताव किया पास

लखनऊ, 14 जुलाई (हि.स.)। लखनऊ के डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में रविवार को दिनभर चली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में नेताओं के भाषण के केन्द्र में पूरे दिन विपक्षी पार्टियां रहीं। अधिकांश नेताओं के निशाने पर कांग्रेस व समाजवादी पार्टी रही। राष्ट्रीय व प्रदेश के सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुणगान किया। वहीं प्रदेश कार्यसमिति में केन्द्र में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कड़े शब्दों में निन्दा की गयी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मोदी सरकार से ज्यादा योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी व उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान किया।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनैतिक प्रस्ताव पास किया गया। प्रदेश कार्यसमिति के समक्ष राजनैतिक प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री व सदस्य विधान परिषद अनूप गुप्ता ने प्रस्तुत किया। प्रस्ताव का अनुमोदन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य, सुभाष यदुवंश, संजय राय व प्रियंका रावत ने किया। कार्यसमिति ने ध्वनिमत से राजनैतिक प्रस्ताव को पास किया।

सम्पूर्ण हिन्दू समाज से माफी मांगें राहुल गांधी

राजनैतिक प्रस्ताव में सामाजिक समरसता का बिगुल बजाने वाले महात्मा फुले के पथ पर चलने का संकल्प दोहराया गया। वहीं राजनैतिक प्रस्ताव में नेता विपक्ष राहुल गांधी की कड़ी शब्दों में निन्दा की गयी। राजनैतिक प्रस्ताव में लिखा है कि स्वामी विवेकानन्द ने कहा था कि गर्व से कहो हम हिन्दू हैं। विगत दिनों लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अपने को हिन्दू कहने वाले लोगों को कहा कि वो 24 घंटे हिंसा, हिंसा, हिंसा, नफरत, नफरत, नफरत, असत्य, असत्य, असत्य करते हैं। उनका यह कथन हिन्दुस्थान के समूचे हिन्दुओं का अपमान है। इससे हिन्दू समाज आहत है। लोकसभा के पवित्र मंदिर में साम्प्रदायिक रूप से देश के बहुसंख्यक हिन्दुओं को अराजक हिंसक बताने की हिम्मत कभी किसी ने नहीं की। उनका यह कथन अपने को हिन्दू कहने पर पाबन्दी लगाने जैसा है, अभी वह नेता विपक्ष बने हैं, तब यह स्थिति है यदि सत्ता में आ जाते तो निश्चित ही हिन्दू शब्द बोलने पर प्रतिबन्ध लगा देते। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति ने अपने प्रस्ताव में कहा कि राहुल गांधी अपने इस बयान पर सम्पूर्ण हिन्दू समाज से माफी मांगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *