(अपडेट) चिंदी मिल गई तो खुद को बजाज समझ रहे हैं राहुल गांधीः शिवराज सिंह चौहान

-भारतीय जनता पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

जयपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता नींव का पत्थर हैं। भाजपा की आत्मा अगर उसका विचार है तो कार्यकर्ता उसका प्राण है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के स्वर्ण सिंहासन पर बैठने नहीं आई बल्कि दरिद्र नारायण की सेवा और समृद्ध विकसित राजस्थान के लिए सत्ता में आई है। हमारे लिए राजनीति प्रोफेशन नहीं मिशन है यही कारण है कि राम मंदिर, अनुच्छेद-370 जैसे पुराने मुद्दों का समाधान किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत एक ताकत बनकर उभरा है, जहां राष्ट्र हित सर्वोपरी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शनिवार काे जयपुर के जेईसीसी सभागार में भारतीय जनता पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

शिवराज सिंह ने कहा कि समाज में चार ही जातिया हैं गरीब, युवा, किसान और मातृशक्ति। इन चारों के ही कल्याण के लिए भाजपा संकल्पबद्ध है। किसानों का भला करने के लिए आवश्यक है कि फसलों का उत्पादन बढे, उत्पादन की लागत कम हो, उत्पादन का उचित मूल्य मिले , उसके नुकसान की भरपाई हो, फसलों का विविधिकरण हो और किसान प्राकृतिक खेती की ओर लौटे। उन्हाेंने कहा कि राहुल गांधी को चिंदी मिल गई तो अपने आप को बजाज समझने लगे हैं इसी के चलते वो उस हिंदु समाज को हिंसक बताने का पाप कर रहे हैं। जिस हिंदु समाज ने वसुधैव कुटुम्बकम और सर्वे भवन्तु सुखिनः का विचार दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सावचेत किया कि वे कांग्रेस के द्वारा झूठे नैरेटिव गढ़ने के प्रति सजग रहें और प्रखरता से अपनी बात को रखें। उन्होने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जिम्मेदारी के भाव से राष्ट्र हित में विचार को और सरकार के काम को जनता तक पहुंचाए।

कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा विचार को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, जबकि कांग्रेस परिवारवाद पर चलने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश आगे बढ़ रहा है, वहीं कांग्रेसी नेता फेक एजेंडा चलाकर पीएम मोदी को रोकना चाहते हैं, लेकिन जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अटूट विश्वास है इस विश्वास की बदौलत ही देश प्रगति की ओर अग्रसर है। केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार का गठन होना और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार का बनना प्रदेश की जनता के लिए एक नई सौगात है। भाजपा विश्व की सबसे बडी राजनीतिक पार्टी है, इसमें वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन से हम आगे बढ़ रहे हैं। संगठन बढे चलो का ध्येय पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ने में सहयोग कर रहा है, सभागार में उपस्थित भाजपा के कार्यकर्ताओं की संख्या को देखते हुए यह कार्यसमिति ऐतिहासिक साबित हो गई है। भाजपा की कार्यसमिति विकसित, सशक्त, समर्थ और स्वस्थ राजस्थान की परिकल्पना को चरितार्थ कर रही है।

सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान की दुहाई दे रही है, जबकि 25 जून का आपातकाल लगाकर इसी कांग्रेस पार्टी ने संविधान की हत्या की, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का मैं धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने 25 जून को संविधान हत्या दिवस घोषित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी धन्यवाद देना चाहता हूं कि मीसाबंदियों की पेंशन शुरू करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। सीपी जोशी ने भजनलाल सरकार के 7 माह के कार्यकाल के दौरान किए गए जनकल्याणकारी फैसलों को बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक ईआरसीपी जैसे गंभीर विषयों को लटकाने का कार्य किया और भाजपा की सरकार ने महज 6 माह में इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू कर दिया। वहीं पेपर लीक माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाने काम किया, वहीं दूसरी ओर संगठित अपराधियों पर नकेल कसते हुए पुलिस ने बुलडोजर चलाने का कार्य किया। सरकार ने किसान, महिला और युवाओं के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।

केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कार्यसमिति के दौरान लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार का अभिनंदन प्रस्ताव रखा। केंद्रीय नेतृत्व के अभिनंदन वाले प्रस्ताव का कार्यसमिति में मौजूद सभी लोगों ने स्वागत किया। भूपेंद्र यादव ने कहा कि देश की जनता ने विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए मोदी सरकार को चुना है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मैन्यूफैक्यूरिेंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए गए है, मोदी के नेतृत्व में हम गौरवशाली देश बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है जो 543 में से 99 सीट लाकर जश्न मना रही है, कांग्रेस पार्टी का वैचारिक दिवाला निकल चुका है, कांग्रेसी नेताओं ने आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाकर चुनाव लड़ा लेकिन जनता ने उनको आइना दिखा दिया। संसद में कांग्रेसी नेताओं द्वारा शर्मनाक आचरण किया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा रखे गये केंद्रीय नेतृत्व के अभिनंदन प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तीसरा कार्यकाल ऐतिहासिक और जन कल्याणकारी होगा। पीएम मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद सबसे पहले किसानों के कल्याण हेतु किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर किये। यह उनकी देश के अन्नदाता के प्रति उदार सोच का उदाहरण है। मेघवाल ने कहा कि एक जुलाई को देश में तीन कानूनों को लागू किया गया। जिसमें भारतीय दंड संहिता को भारतीय न्याय संहिता, सीआरपीसी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और साक्ष्य अधिनियम को भारतीय साक्ष्य अधिनियम के रूप में लागू किया गया है। कांग्रेस ने हमेशा आरोप लगाने की राजनीति की है, इस लोकसभा चुनाव में संविधान के नाम पर भ्रम फैलाकर कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया, लेकिन देश की जनता ने मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का मौका दिया। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की बात करने वाली कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब के खिलाफ काम किया। 1952 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने नॉर्थ बॉम्बे सीट से चुनाव लड़ रहे बाबा साहब के खिलाफ दुष्प्रचार कर उन्हें चुनाव हराया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर जी को संसद में आने से रोकने के लिए कांग्रेस ने ओछे हथकंडे अपनाए यह जानकारी समाज को देने की आवश्यकता है।

भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि भाजपा की नीतियां और विचारधारा सुशासन की ओर ले जाने वाली है, जबकि कांग्रेस के पास ना तो कोई नीति है और ना ही नेतृत्व। कांग्रेस फूट डालो राज करो की नीति पर चलने वाली पार्टी है, लेकिन भाजपा सरकार के चलते कांग्रेस कामयाब नहीं हो पाई। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने केरल में पहली बार कमल का फूल खिलाया है तो दूसरी ओर तमिलनाडु और तेलंगाना में भाजपा का वोट बैंक बढ़ा है। उड़ीसा में पहली बार भाजपा की सरकार बनी और आंध्रप्रदेश में भाजपा का वोटबैंक बढ़ा है, भाजपा में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल है। देश में 2014 से सुशासन का पर्व शुरू हुआ था। केंद्र के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार बेहतर कार्य कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की बदौलत पीएम मोदी इन चुनौतियों का सामना कर पा रहे हैं। पीएम मोदी के 2047 के विकसित भारत के सपने को साकार करने में कार्यकर्ताओं और देश की जनता ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम में राजनीति से अलग सामाजिक सरोकार के विषय होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसे सुनना चाहिए। एक वृक्ष मां के नाम मुहिम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। भाजपा में पन्ना प्रमुख, मंडल, बूथ, हर स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा में बूथ को मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है। संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने संविधान की प्रस्तावना को बदलने का काम किया। दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेेतृत्व में कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटी और वहां संविधान लागू किया गया।

प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार द्वारा जन हितेषी और ऐतिहासिक फैसले लिये जा रहे हैं। सरकार के कार्यों से प्रदेश की जनता खुश है, सरकार के कार्यों के बदाैलत ही भाजपा आगामी समय में पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के बूते कांग्रस के झूठे भ्रम को तोड़ने का कार्य किया जाएगा। भाजपा की भजनलाल सरकार ने आपणो अग्रणी राजस्थान थीम पर बजट पेश किया है। बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है और डबल इंजन सरकार जनता के हित में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा अल्प समय में ही किये गये ऐतिहासिक कार्याें और निर्णयों के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए अभिनंदन प्रस्ताव पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रखा और हरियाणा के प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया ने इसका अनुमोदन किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सांसद दामोदर अग्रवाल ने पिछली कार्यसमिति के बाद दिवंगत हुए राजनीतिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों के प्रति शाेक प्रस्ताव रखा।

कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कार्यसमिति के बारे में प्रेस को बताया कि बैठक में दो प्रस्ताव पारित कर केंद्रीय एवं राज्य सरकार के लोककल्याणकारी निर्णयों का अभिनंदन किया गया और संगठन की नीति, विचार और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया। कार्यसमिति के दौरान मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राष्ट्रीय मंत्री डॉ अल्का सिंह गुर्जर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे। मंच संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक जितेंद्र गोठवाल और श्रवण सिंह बगड़ी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *