पर्यावरण अनुकूलता एवं पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के समाधान का कारक होगा वृक्षारोपण का महाअभियानः ओम बिरला

– लोकसभा अध्यक्ष ने हजारों स्कूली बच्चों के साथ बिजासन के समक्ष अटल वन में किया वृक्षारोपण
इंदौर, 9 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को इंदौर प्रवास के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत यहां चल रहे 51 लाख पौधे लगाने के महा अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने इंदौर के बिजासन के समीप अटल वन में वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के दुष्परिणामों का सामना कर रहा है, ऐसे वक्त में यह अभियान पर्यावरण अनुकूलता की दिशा में देश और दुनिया को नया दृष्टिकोण देते हुए नई राह दिखायेगा।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान शुरू किया है। इस अभियान को मध्यप्रदेश विशेषकर इंदौर में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान पर्यावरण अनुकूलता के लिए मददगार साबित होगा। वृक्षारोपण हमारी संस्कृति, संस्कार एवं अध्यात्म से जुड़ा हुआ है। यह अभियान वर्तमान के साथ भविष्य को भी सुखद बनाने का अभियान होगा। देश और विश्व की पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के समाधान का माध्यम भी बनेगा।
इस अवसर पर लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, वन एवं पर्यावरण मंत्री नागर सिंह चौहान, पशुपालन मंत्री लाखन पटेल, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, उत्तरप्रदेश विधान परिषद के सदस्य महेन्द्रसिंह, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, ‍विधायक महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गौरव रणदिवे तथा चिंटू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम में उक्त सभी अतिथियों ने हजारों स्कूली बच्चों के साथ बिजासन के सामने स्थित अटल वन में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर ओम बिरला ने वृक्षारोपण के ब्रांड एम्बेसेडर विष्णु लांबा और कुमारी प्रसिद्धि का सम्मान भी किया।
कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि यह अभियान मानव जीवन को बचाने का बड़ा अभियान है। इस अभियान को निरन्तर आगे बढ़ाते रहना चाहिए। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृगांर है। यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा आधार है। वृक्ष से ही जीवन की निर्भरता है। वृक्ष हमें जीवन बचाने के लिए सब कुछ देता है। हमारा फर्ज बनता है कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाये और वृक्षों की रक्षा सुरक्षा करें।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए इंदौर में चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की प्रगति के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से जन आंदोलन बन चुका है। राज्य सरकार ने जहां एक ओर साढ़े 5 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा है, वहीं इसमें से इंदौर शहर में ही 51 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम को महेंद्र सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने पितृ पर्वत में पूजन-अर्चन कर किया वृक्षारोपण
इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इंदौर में सबसे पहले पितृ पर्वत पहुंचे। यहाँ उन्होंने हनुमान जी की प्रतिमा के दर्शन किये। उन्होंने पूजन-अर्चन कर वृक्षारोपण किया। इंदौर पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला का मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा स्वागत किया गया। रेसीडेंसी कोठी इंदौर में संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता, कलेक्टर आशीष सिंह एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सौजन्य भेंट की। लोकसभा अध्यक्ष बिरला को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *