जनभावनाओं के अनुरूप सर्व स्पर्शी, सर्व समावेशी और विकासोन्मुख हो घोषणा पत्र : हिमंत विस्वा सरमा

रांची, 29 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी हिमंत विस्वा सरमा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव झारखंड की दशा और दिशा तय करेगा। झारखंड निर्णायक मोड़ पर है। राज्य की जनता लूट, भ्रष्टाचार और वादा खिलाफी से निजात चाहती है। जनता सुशासन और विकास के लिए समय का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में घोषणा पत्र समिति और आरोप पत्र समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

हिमंत ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र जनता का संकल्प पत्र होगा। पार्टी जनसंपर्क और संवाद के माध्यम से सर्व समावेशी, सर्व स्पर्शी और विकासोन्मुख घोषण पत्र तैयार करे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आरोपों से घिरी सरकार है। समाज का हर वर्ग इस निकम्मी और भ्रष्ट सरकार से ऊब चुका है। हमें इनकी एक-एक नाकामियों को उजागर करते हुए आरोप पत्र तैयार करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

हिमंत विस्वा सरमा ने प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में आयोजित घोषणा पत्र समिति, आरोप पत्र समिति, टॉकिंग पॉइंट्स समिति की संयुक्त बैठक के अलावा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने जनजाति समाज से जुड़े पार्टी के नेताओं से उनके आवास पर जाकर आत्मीय मुलाकात की। कुशल क्षेम जाना एवं राज्य की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा की।

जनता भाजपा को उम्मीद भरी नजरों से देख रही : बाबूलाल मरांडी

बैठक को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता की आशा और उम्मीद भाजपा से जुड़ी है। ठगबंधन सरकार ने राज्य की जनता के लिए एक भी भलाई के काम नहीं किए। यह सरकार साढ़े चार वर्षों केवल राज्य को लूटने में जुटी रही। तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति ने राज्य की डेमोग्राफी को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि जनता उम्मीद भरी नजरों से भाजपा की ओर देख रही है है। भाजपा ने राज्य बनाया है। भाजपा राज्य को लुटते और बर्बाद होते नहीं देख सकती। हमें जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है।

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि ठगबंधन सरकार आदिवासी, दलित, पिछड़ा, महिला, युवा विरोधी सरकार है। जनता को इस सरकार से निजात दिलानी है।

हिमंत विस्वा सरमा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, दुमका लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी रहीं सीता सोरेन, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. अरुण उरांव के घर पहुंचे। उन्होंने नेताओं के आवास पर ही जलपान और भोजन किया।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, सांसद बीडी राम, सीपी सिंह, विरंचि नारायण, अनंत ओझा, केदार हाजरा, नवीन जायसवाल, शिवपूजन पाठक, प्रतुल शाहदेव, गीता कोड़ा, शशांक राज, रविनाथ किशोर, आरती सिंह सहित युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *