गौहाटी विवि मार्कशीट घोटाले में नौ लोग गिरफ्तार

गुवाहाटी, 29 जून (हि.स.)। बरपेटा रोड पुलिस तथा सीआईडी के संयुक्त अभियान में गौहाटी विश्वविद्यालय के मार्कशीट घोटाले के नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है रिश्वत लेकर अवैध रूप से छात्रों की मार्कशीट में अंक बढ़ाए गए थे।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बरपेटा में इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सीआईडी को इसकी जांच का जिम्मा सौंपा था। उन्होंने बताया कि बरपेटा पुलिस और सीआईडी संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।

ज्ञात हो कि यह घोटाला तब सामने आया जब बरपेटा रोड स्थित गणेशलाल चौधरी कॉलेज (जीएलसी कॉलेज) के अधिकारियों ने छठे वर्ष के स्नातक के छात्र अजीजुल हक के अंकों में गड़बड़ी का खुलासा किया था। बरपेटा रोड पुलिस थाने में तुरंत मामला दर्ज किया गया, हालांकि बरपेटा पुलिस पर इसकी लीपापोती के आरोप लगे थे। क्योंकि आरोपित को हिरासत से रिहा कर दिया गया था।

स्थानीय मीडिया द्वारा मुद्दा उठाये जाने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में विश्वविद्यालय और कॉलेजों के कई कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आयी है। गिरफ्तार किए गए लोगों में गौहाटी विश्वविद्यालय में कार्यरत कृष्णन कृष्णमूर्ति और धुबड़ी लॉ कॉलेज में जूनियर कंप्यूटर सहायक शिवतोष महतो भी शामिल हैं। गिरफ्तारियां बरपेटा और धुबड़ी पुलिस द्वारा संयुक्त छापेमारी में की गईं। नौ आरोपितों में अजीजुल हक, कृष्णन कृष्णमूर्ति (गौहाटी विश्वविद्यालय कर्मचारी), इस्माइल हुसैन (कलगछिया), आलमगीर खान (आमगुरी, कलगछिया), मोइनुल हक (बरडांगा, कलगछिया), हमेज़ उद्दीन (नगांव), अमीनुल इस्लाम (लाइब्रेरियन, लंगला कॉलेज), शिवतोष महतो (जूनियर कंप्यूटर सहायक, धुबड़ी लॉ कॉलेज) और अबुल बाकर (लंगला, कलगछिया) के नाम शामिल हैं।

आरोपितों के खिलाफ कानून की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है। हालांकि, पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *