ओडिशा के मुख्यमंत्री ने अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात

नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने दो उपमुख्यमंत्रियों कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा के साथ शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की।

माझी ने अपने दिल्ली दौरे के तीसरे दिन शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की। रेल मंत्री ने कहा कि आज उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री के साथ पुरी में आगामी रथ यात्रा के लिए रेलवे द्वारा किए गए इंतजामों पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि इस साल 315 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, जो पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा हैं। ट्रेनें ओडिशा के लगभग सभी इलाकों को कवर करेंगी। रेलवे के अलावा हम पुरी में 15,000 से ज्यादा लोगों के ठहरने की व्यवस्था करेंगे।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने आज केंद्रीय रेल, सूचना प्रसारण और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। मोदी सरकार के दौरान ओडिशा में रेलवे के बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। राज्य में रेलवे की बेहतर व्यवस्था के लिए विस्तार से चर्चा की। साथ ही इस बात पर भी चर्चा हुई कि आईटी क्षेत्र में विकास के साथ राज्य में रोजगार के अवसर कैसे पैदा किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि दिल्ली आगमन पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। मोदी सरकार के नेतृत्व में देश और हमारे ओडिशा में सड़क परिवहन में हुए जबरदस्त सुधार के लिए मैंने गडकरी को धन्यवाद दिया। उन्होंने ओडिशा में सड़क मार्गों के विकास के लिए पूर्ण सहयोग देने का वादा भी किया है। मुझे उम्मीद है कि आपका योगदान ओडिशा के लोगों के जीवन और परिवहन में बदलाव लाएगा।

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री से चर्चा हुई कि ओडिशा किस प्रकार विश्व में संस्कृति एवं विरासत का केंद्र बनेगा।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने दो उपमुख्यमंत्रियों कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा के साथ केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री जोएल ओराम से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमने ओडिशा के आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण और विकास के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *