ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राष्ट्रपति से की शिष्टाचार भेंट

नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने दो उपमुख्यमंत्रियों कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा के साथ गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की।

इसके बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण से भी उनके मंत्रालय में जाकर मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “आज हमें नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में ओडिशा की भूमि की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आपको राष्ट्रपति पाकर पूरा भारत और हमारा प्रदेश गौरवान्वित महसूस करता है।”

उल्लेखनीय है कि 12 जून को ओडिशा में पहली भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद माझी का यह पहला दिल्ली दौरा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यालय से फोन आने के बाद मुख्यमंत्री और उनके दो उपमुख्यमंत्री बुधवार से राष्ट्रीय राजधानी के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *