पशुधन गणना के लिए विज्ञान भवन में कल होगा कार्यशाला का आयोजन

नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। पशुपालन और डेयरी विभाग पशुधन गणना के लिए 25 जून 2024 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक कार्यशाला का आयोजन करने जा रहा है। मंगलवार को आयोजित होने वाले इस कार्यशाला में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि होंगे।

कार्यशाला में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, जॉर्ज कुरियन और सचिव अलका उपाध्याय भी मौजूद होंगी। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने आज सोमवार (24 जून) को यह जानकारी दी।

मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक उद्घाटन समारोह के बाद कार्यशाला प्रारंभ होगी। इसमें पशुधन गणना पद्धति पर विस्तृत सत्र, मोबाइल एप्लीकेशन और सॉफ्टवेयर डैशबोर्ड पर प्रशिक्षण, प्रतिभागियों के प्रश्नों और चिंताओं का समाधान करने के लिए एक ओपन हाउस चर्चा होगी।

मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के मुताबिक कार्यशाला का प्राथमिक उद्देश्य राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों को 21वीं पशुधन गणना का कुशलतापूर्वक संचालन करने के लिए एक मोबाइल एप और सॉफ्टवेयर सहित आवश्यक साधनों से लैस करना है।

इस दौरान प्रतिभागियों को उच्च गुणवत्ता वाले डेटा का संग्रह सुनिश्चित करने के लिए डेटा मिलान रणनीतियों पर भी प्रशिक्षित किया जाएगा और विभिन्न पंजीकृत नस्लों से परिचित कराया जाएगा।

मंत्रालय के मुताबिक पशुधन गणना 1919 में प्रारंभ होने के बाद से प्रत्येक पांच वर्ष में आयोजित की जाने वाला एक महत्वपूर्ण कार्य है। घर-घर सर्वेक्षण कर देश भर में पालतू जानवरों और पक्षियों पर विस्तृत डेटा तैयार किया जाएगा।

सटीक जानकारी एकत्र करने के लिए सितंबर से दिसंबर 2024 तक होने वाली 21वीं पशुधन गणना में डेटा संग्रह और प्रसार के लिए मोबाइल प्रौद्योगिकी को शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *