झारखंड सरकार देश में सबसे भ्रष्ट, राज्य में अबकी बार बनेगी भाजपा सरकार : शिवराज

रांची, 23 जून (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड के प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में परिश्रम की पराकाष्ठा की है। इसी का नतीजा है कि भाजपा ने यहां शानदार सफलता हासिल की है। हम झारखंड में नौ सीटें जीते हैं और लगभग 52 विधानसभा क्षेत्रों में आगे रहे। इसके लिए यहां के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं।

शिवराज सिंह चौहान रविवार को रांची में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने झारखंड सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में चारों तरफ केवल लूट का माहौल है। चंपाई सोरेन सरकार में चाहे रेत हो, चाहे कोयला हो, चाहे खनिज हो या फिर ट्रांसफर पोस्टिंग हो। हर तरफ केवल लूट ही मची है। उन्होंने कहा कि जेएमएम के नेता गिरफ्तार हो रहे हैं। इनके मंत्री जेलों में हैं। हम एक-एक काला चिठ्ठा खोलेंगे और भ्रष्टाचार में लिप्त हर एक को सजा दिलाएंगे।

शिवराज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि झारखंड को भ्रष्टाचार की तबाही से मुक्त कराना है। इसके लिए हम सब फिर से झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर राज्य को कुशासन से मुक्त करेंगे और सुशासन लाएंगे ताकि जो विकसित भारत के निर्माण का संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का है उसके लिए हम विकसित झारखंड बना सकें।

चौहान ने कहा कि झारखंड की सोरेन सरकार हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार है। इस सरकार ने भोली-भाली जनता से जो वादे किए थे, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। इस सरकार ने युवाओं से सरकारी नौकरियों का वादा किया था लेकिन आज तक एक भी नियुक्ति पत्र किसी को नहीं दिया। इन्होंने बेरोजगार युवाओं के साथ भी बेरोजगारी भत्ते के नाम पर छलावा किया। बेरोगजारी भत्ते का वादा किया लेकिन निभाया नहीं।

शिवराज ने कहा कि अकेले केन्द्र सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने झारखंड को पिछले कुछ वर्षो में मनरेगा में अकेले ही 21 हजार 55 करोड़ रुपये दिए लेकिन न तो मनरेगा का काम ठीक से हो पाया न ही झारखंड का विकास हो पाया। यहां की भ्रष्ट सरकार मनरेगा और विकास कार्यों की राशि भी डकार गई।

शिवराज ने कहा कि भाजपा ने तय किया है कि जहां-जहां बूथ जीते हैं वहां शानदार सफलता के लिए अभिनंदन कार्यक्रम किए जाएंगे। अब झारखंड को कुशासन से मुक्त कराने का संकल्प यहां के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने लिया है। विधानसभा चुनाव में पूरी टीम दिन और रात मेहनत, लगन के साथ परिश्रम करेगी। कार्यकर्ताओं में आज जो विजय का आत्मविश्वास दिखाई दिया है, उससे हम आश्वस्त हैं कि झारखंड में इस बार भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

इस दौरान चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *