दिवंगत हवलदार को असम पुलिस मुख्यालय में दी गयी सलामी

गुवाहाटी, 08 जून (हि.स.)। असम पुलिस के डीजीपी जीपी सिंह ने हरमीत सिंह, डीजी सीडी, सीजी एचजी और असम पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को असम पुलिस मुख्यालय में दिवंगत हवलदार बिमान फूकन को औपचारिक रूप से सलामी दी।

दिवंगत हवलदार बिमान फुकन का जन्म 01 अप्रैल, 1968 को हुआ था। वे 07 सितंबर 1993 को 4वीं एपीबीएन में कांस्टेबल के रूप में असम पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। वह 1वीं एपीबीएन से 20 सितंबर, 2023 को हवलदार के रूप में 19वीं एपीबीएन में शामिल हुए। दिवंगत फूकन को बीते 08 मई को बिहार में आम संसदीय चुनाव-2024 के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था।

ड्यूटी के दौरान, उन्हें 30 मई को हीटस्ट्रोक हुआ और उन्हें दिनारा पीएचई, रोहतास, बिहार में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर ईलाज के लिए उसी दिन नारायण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, सासाराम, बिहार में स्थानांतरित कर दिया गया। दुर्भाग्य से 07 जून को लगभग 05.08 बजे, उन्हें कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट (सीपीए) का कारण बताते हुए उपस्थित चिकित्सक द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।

दिवंगत हवलदार बिमान फूकन भोगमुख, चारिंगिया गांव, टियोक, जोरहाट के निवासी थे। वे अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए। असम पुलिस मुख्यालय में हवलदार फूकन की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *