लोकसभा चुनाव परिणाम के एक दिन पहले आकाश में दिखेगा अद्भुत नजारा

नई दिल्ली, 3 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव परिणाम के एक दिन पहले आकाश में अद्भुत नजारा दिखाई देगा। यह बेहद दुर्लभ और अद्भुत खगोलीय घटना है, जिसमें सौरमंडल के 6 ग्रह एक साथ एक लाइन में दिखेंगे। 54 वर्षों बाद 3 जून को परेड ऑफ द प्लैनेट्स का यह अद्भुत दृश्य दिखने जा रहा है। आकाश में 6 ग्रह एक सीधी लाइन में दिखेंगे और शनि ग्रह दिखेगा पीला।

श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ मृत्युञ्जय तिवारी के अनुसार यह दुर्लभ खगोलीय घटना 3 जून 2024 को होने वाली है, जब हम आसमान के 6 ग्रह एक सीध में देखे जा सकते हैं। 6 ग्रहों का एक सीध में एक साथ होना बेहद खास है। खगोल शास्त्र में इसे परेड ऑफ द प्लैनेट्स या ग्रहों की परेड के नाम से जाना जाता है। यह अनोखी घटना 3 जून 2024 को होगी, इसके पहले यह घटना 1970 में देखी गई थी।

यह ऐसा समय होगा जब हम बृहस्पति, बुध, मंगल, शनि, यूरेनस और नेपच्यून को एक सीध में गतिमान होते देख सकते हैं। ग्रहों की ये परेड उत्तरी गोलार्ध में आसानी से देखी जा सकती है। दुनिया में सबसे पहले यह घटना न्यूयॉर्क शहर और उसके आसपास के इलाकों में देखी जा सकती है। 3 जून को सुबह होने से पहले 6 ग्रह एक सीध में नजर आएंगे।

उन्होंने बताया कि यह दुर्लभ और अद्भुत खगोलीय घटना है। शनि ग्रह देर रात में आसमान में दिखेगा। यह पीले रंग में दिखेगा और इसे नग्न आंखों से भी देखा जा सकता है। मंगल ग्रह की पहचान उसके लाल रंग से की जाती है। मंगल ग्रह को भी नग्न आंखों से देखा जा सकता है। ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों का राशि परिवर्तन लगातार होता रहता है और इस कारण योग बनते हैं। सौरमंडल में सभी ग्रहों के निरंतर गतिमान होने से कई बार दुर्लभ और अद्भुत खगोलीय घटनाएं होती हैं।

6 ग्रहों की ऐसे करें पहचान

शनि ग्रह देर रात में आसमान में दिखेगा। यह पीले रंग में दिखेगा और इसे नग्न आंखों से भी देखा जा सकता हैं। नेपच्यून भी शनि ग्रह के पास ही देखा जा सकता है, लेकिन इसे देखने के लिए आपको दूरबीन की आवश्यकता होगी। मंगल ग्रह की पहचान उसके लाल रंग से की जा सकती है। मंगल ग्रह को भी नग्न आंखों से देखा जा सकता हैं। बृहस्पति बेहद चमकीले रंग का दिखाई देगा और इसे भी नग्न आंखों से देख सकेंगे। बुध ग्रह को देखने में परेशानी हो सकती है। सूर्य के करीब होने के कारण यह काफी धुंधला दिखाई देगा। यूरेनस को भी दूरबीन से ही देखा जा सकेगा। काफी दूर होने के कारण इसे नग्न आंखों से नहीं देखा जा सकता है। यूरेनस, बृहस्पति, बुध पूर्वी क्षितिज पर दिखाई देंगे।

इस क्रम में दिखेंगे 6 ग्रह

6 ग्रहों में से चार ग्रहों को तो नग्न आंखों से भी देखा जा सकता है। परेड ऑफ द प्लैनेट्स के दौरान ही चंद्रमा भी यूरेनस और मंगल के बीच दिखाई देगा।

परेड ऑफ द प्लैनेट्स जैसी घटना 3 जून के बाद 28 अगस्त को एक बार फिर देखने को मिलेगा। इसके बाद 28 फरवरी 2025 को भी परेड ऑफ द प्लैनेट्स देखने को मिलेगी। इस दौरान प्लूटो को छोड़कर सभी ग्रह एक सीध में नजर आएंगे। 28 फरवरी 2025 के बाद ग्रहों की परेड 8 सितंबर 2040 को और 15 मार्च 2080 को देखने को मिलेगी। बुध सूर्य का एक चक्कर 88 दिनों में पूरा करता है। शुक्र 224 दिनों में और पृथ्वी 354 दिन में एक चक्कर पूरा करती है। बृहस्पति एक चक्कर पूरा करने में 11 साल से भी ज्यादा का समय लगाता है। मंगल 687 दिन तो यूरेनस धरती का एक चक्कर करीब 84 साल में पूरा करता है। ऐसे में एक समय ऐसा आता है जब अपनी कक्षा में अपनी रफ्तार से घूमते हुए यह ग्रह एक सीध में आ जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *