संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है कांग्रेस, सत्ता में आते ही बंद करेंगे अग्निवीर योजना : राहुल गांधी

चंडीगढ़, 29 मई (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि यह चुनाव हार या जीत से अधिक इसलिए मायने रखता है कि कांग्रेस पार्टी समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। राहुल गांधी बुधवार को पंजाब दौरे पर थे। उन्होंने लुधियाना में कांग्रेस उमीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग तथा पटियाला में धर्मवीर गांधी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने होशियारपुर व फरीदकोट में भी प्रचार किया।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत में कई तरह की भाषाएं व संस्कृतियां हैं। इसकी रक्षा संविधान करता है। पंजाब में गरीबों को अधिकार मिलता है, कई धर्मों के लोग मिलकर रहते हैं। यह संविधान से ही संभव है। बीजेपी चाहती है कि एक नेता हो, एक भाषा हो। उन्होंने कहा कि आईएनडीआईए की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देंगे। किसानों को बीमा का पैसा 30 दिन के भीतर मिलेगा। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार की अग्निवीर स्कीम सेना पर आक्रमण है। इससे 2 तरह के शहीद बनाए जा रहे हैं। सरकार बनने पर अग्निवीर स्कीम को फाड़कर कूड़ेदान में फेंक देंगे।

राहुल गांधी खन्ना के गांव रामगढ़ सरदारा में अग्निवीर शहीद अजय कुमार के घर भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही अग्निवीर योजना को बंद कर दिया जाएगा। यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। राहुल गांधी ने कहा कि किसान पंजाब व देश की रीढ़ की हड्डी हैं। किसान देश को 24 घंटे भोजन देने में अपना खून पसीना लगाता है, लेकिन मोदी ने दस साल किसानों के लिए कुछ नहीं किया। जबकि अरबपतियों को सारी सुविधाएं दीं। 3 काले कानून बनाए। जब किसान सड़कों पर उतरे तो उन्हें मोदी ने आतंकवादी कहा। 700 से ज्यादा किसान शहीद हुए, लेकिन उन्हें शहीद का दर्जा नहीं दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *