(अपडेट) छत्तीसगढ़ः बेमेतरा बारूद फैक्टरी में विस्फोट, एक मजदूर की मौत, 7 घायल

– कई मजदूरों का कोई अतापता नहीं, मलबे में दबे होने की आशंका

– प्रशासन की निगरानी में बचाव एवं राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी

रायपुर/बेमेतरा, 25 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला अन्तर्गत बोरसी गांव में एक बारूद फैक्टरी में शनिवार सुबह हुए विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई और 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए रायपुर के मेकाहारा और एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शासन ने मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने और घटना की मजिस्ट्रीयल जांच कराने के आदेश दिए हैं।

मृतक मजदूर का नाम सेवक राम साहू है, जिसने मेकाहारा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। छह अन्य घायलों का इलाज मेकाहारा में जारी है, जिनमें दिलीप ध्रुव, चन्दन कुमार, मनोहर यादव, रवि कुमार कुरे, नीरज यादव और इन्द्र कुमार रघुवंशी हैं। एक श्रमिक शेषनाथ निषाद का उपचार एम्स में जारी है।

रायपुर लाए गए कुछ घायल मजदूरों ने मीडिया को बताया कि जिस फैक्टरी में धमाका हुआ, वहां दो यूनिट हैं। दोनों यूनिट के मजदूर सुबह 6 बजे ड्यूटी पर आ गए थे। जिस यूनिट में धमाका हुआ, वहां 8 मजदूर थे और दूसरी में हम काम कर रहे थे। दूसरी यूनिट के मजदूर घायल हुए हैं जबकि पहली यूनिट के मजदूर धमाके के बाद नजर नहीं आए हैं।

हादसे के बाद नाराज लोगों का हंगामा:

हादसे के बाद नाराज लोगों ने फैक्टरी के समक्ष हंगामा भी किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर वहां से हटाया। प्रशासन ने नाराज लोगों से कहा है कि जांच में कोई भी लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जो भी इसमें दोषी होगा, उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

बेमेतरा जिले के कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि सात मजदूरों को मेकाहारा में भर्ती कराया गया, जिसमें एक की मौत हो गई है। बाकी का उपचार जारी है। विस्फोट के समय 25 से अधिक लोग काम कर रहे थे। वहीं आठ अन्य लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। इनके मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत कार्य जारी है। प्रशासन की टीम के साथ मेडिकल टीम भी मौजूद है। मलबा हटने के बाद पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। विस्फोट का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है, यह जांच का विषय है।

दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग के मुताबिक बारूद फैक्टरी में धमाका हुआ है। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हुई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सभी लोगों का इलाज चल रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। मलबा जब पूरी तरह से हट जाएगा तब साफ होगा कि कितने लोग हताहत हुए।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ली घटना की जानकारीः

बेमेतरा में हुए बारूद फैक्टरी विस्फोट की घटना पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना की जानकारी ली है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर ही मौजूद है।

लापरवाही के कारण हुआ बड़ा हादसाः सरपंच

बोरसी गांव के सरपंच टिकेंद्र परगनिहा ने स्थिति की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या अभी भी लोग यहां मलबे के नीचे दबे हैं। सरपंच ने बताया कि फैक्टरी में हो रही लापरवाही की जानकारी पहले ही प्रशासन को दी जा चुकी है। यह विस्फोट लापरवाही के कारण ही हुआ है। अभी भी यहां पर हादसे की आशंका बनी हुई है।

घटनास्थल पर पहुंचे डिप्टी सीएम अरुण साव:

विस्फोट की खबर मिलते ही डिप्टी अरुण साव और दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी लेने के बाद दोनों ने राहत और बचाव कार्य का भी जायजा लिया।

खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मृतक के परिवार वालों को पांच लाख की आर्थिक मदद और घायलों को 50 – 50 हजार की मदद दी जा रही है। सभी छह घायलों का इलाज रायपुर के मेकाहारा और एम्स अस्पताल में चल रहा है। खाद्य मंत्री के मुताबिक अभी भी मलबे में कई कर्मचारियों के दबे होने की बात सामने आ रही है। मलबा साफ होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

हादसे की मजिस्ट्रीयल जांचः

सीएम विष्णुदेव साय ने मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता घोषित की है। हादसे की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए गए हैं। घटना पर दुख जताते हुए सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि बेमेतरा जिले के बोरसी गांव के बारूद फैक्टरी में ब्लास्ट होने की दुःखद खबर आई है। घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिसकी सतत निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *