राम विरोधी, राष्ट्र विरोधी व सनातन विरोधी है विपक्षी दलों का गठबंधन : जेपी नड्डा

कुशीनगर, 24 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को एक चुनावी जनसभा में इंडी गठबंधन पर करारा प्रहार किया। नड्डा ने कहा कि इंडी गठबंधन राम विरोधी, राष्ट्र विरोधी व सनातन विरोधी है। कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया था कि राम काल्पनिक हैं। फिर कांग्रेस के लोग राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में कैसे जाते। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन दलित एवं पिछड़ा विरोधी भी है। यह आरक्षण पर डाका डालकर मुस्लिम तुष्टीकरण करना चाहते हैं।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कुशीनगर जिले के साखोपार स्थित किसान इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में कहा कि इंडी गठबंधन के घटक दलों की सरकारें भ्रष्टाचार में लिप्त रहती थीं। इंडी गठबंधन के लोग कहते हैं भ्रष्टाचारियों को बचाओ। इस समय सारे भ्रष्टाचारी एक साथ आ गये हैं। इन लोगों ने कोयला घोटाला, चीनी घोटाला, चावल घोटाला, थ्री-जी घोटाला, टू-जी घोटाला, पनडुब्बी घोटाला समेत कई घोटाले किए। धरती, आकाश, हवा, समुद्र में घोटाला किया। अखिलेश यादव ने गोमती रीवर फ्रंट घोटाला और लैपटाप घोटाला किया। लालू यादव चारा खा गये। नौकरी के बदले जमीन घोटाला किया।

नड्डा ने कुशीनगर के प्रत्याशी विजय दुबे को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की और कहा कि हम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर विकसित भारत बनाने का काम करेंगे। यही उत्तर प्रदेश माफिया राज के लिए जाना जाता था। यहीं पर हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। उत्तर प्रदेश से व्यापारी पलायन करते थे। माफिया दिन दहाड़े किसी की भी हत्या कर देते थे। आज सभी माफिया जेल में हैं। एक समय उत्तर प्रदेश फिरौती व अपहरण के लिए जाना जाता था। आज व्यापारी अपने व्यापार में लगे हैं। यह बदलता हुआ उत्तर प्रदेश हमें देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 10 साल पहले का भारत और आज का बदलता भारत। भारत का साधारण नागरिक यह सोचता था कि इस देश में कुछ नहीं बदलेगा। यह ऐसे ही चलेगा। राजनीति के सहारे हम कब तक रहेंगे। एक प्रकार से उदासीनता का माहौल था। आज साधारण नागरिक विकसित भारत का संकल्प लेकर चल पड़ा है।

भाजपा सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए नड्डा ने कहा कि भारत में देश की 80 करोड़ जनता को राशन दिया जा रहा है। 11 करोड़ 78 लाख किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि जा रही है। मोदी ने चार करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाये। अगले पांच साल में तीन करोड़ और प्रधानमंत्री आवास बन जाएंगे। दस साल में 55 हजार किलोमीटर हाइवे बने। कुशीनगर में मेडिकल कालेज खुल गया है। मोदी सरकार ने विकास के नये आयाम लिखने का काम किया है। आने वाले समय में आपके घर का बिजली बिल जीरो हो जाएगा। पीएम सूर्य घर योजना के तहत हर घर की छत पर सौर ऊर्जा लगाई जाएगी। जिससे हर घर को मुफ्त बिजली मिलेगी और जो बिजली बचेगी उसे सरकार खरीदेगी।

जनसभा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, राज्यसभा सदस्य आरपीएन सिंह ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *