जो राम को लाएं हैं हम उनको लाएंगे : योगी आदित्यनाथ

-पांच चरण के मतदान के बाद राजग बहुमत की जादुई आंकड़ा पार कर चुकी है।

पूर्वी चंपारण , 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पश्चिमी चंपारण लोकसभा संसदीय सीट के भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि फिर से एक बार मोदी सरकार,अबकी बार चार सौ पार। जो राम को लाएं हैं हम उनको लाएंगे। पांच चरण के मतदान के बाद राजग बहुमत की जादुई आंकड़ा पार कर चुकी है।

डॉक्टर संजय जयसवाल के पक्ष में सुगौली नगर के शिवालय मंदिर के नजदीक धनही के स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित करते योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हुआ है। आज का भारत पहले वाला भारत नही है। भारत किसी को छेड़ता नही है,लेकिन कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं है। आज का भारत अपने दुश्मनों को उसके घर में घुस कर मारता है। विपक्ष के नेता पाकिस्तान के एटम बम की बात करते हैं। जब पीएम मोदी देश में दहाड़ते है तो पाकिस्तान का कलेजा कांप जाता है। देश में मजबूत सरकार की जरूरत है। जनता ने मोदी जी को तीसरी बार पीएम बनाने का मन बना लिया है।

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस व राजद के गठबंधन केवल लूटने के लिए बना है। विपक्ष के पास न नीति है और न नियति है। ये लोग केवल झूठ बोलने में माहिर है। इस बार एनडीए चार सौ से अधिक सीट जीतेगी। ऐसे में आप सब भी भाजपा उम्मीदवार को जिताने में सहयोग करें। मौके पर राज्यसभा सदस्य सतीश दुबे, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी,पूर्व मंत्री रामचन्द्र सहनी, जीवेश मिश्र,बीरेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *