राष्ट्रपति ने देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर देशवासियों और दुनिया भर में फैले भगवान बुद्ध के अनुयायियों को बधाई दी।

राष्ट्रपति ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, “बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और दुनिया भर में फैले भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।”

राष्ट्रपति ने आगे कहा कि करुणा के अवतार भगवान बुद्ध ने सत्य, अहिंसा, शांति और संपूर्ण मानवता तथा सभी जीव जंतुओं के प्रति प्रेम का संदेश दिया है। भगवान बुद्ध ने कहा था, ‘अप्पा दीपो भव’ यानी अपने दीप स्वयं बनो। उन्होंने सहिष्णुता, आत्मज्ञान और सदाचार की शिक्षा दी जो हमें मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित करती है। उनका अष्टांगिक मार्ग हमें सार्थक जीवन जीने की राह दिखाता है।

राष्ट्रपति ने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि आइए हम सब भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करके सामाजिक समरसता को मजबूत करें और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *