झारखंड की सरकार युवा विरोधी सरकार : तेजस्वी सूर्या

तेजस्वी सूर्या भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ के समर्थन में आयोजित बाइक रैली में हुए शामिल

रांची (झारखंड), 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बुधवार को रांची लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में आयोजित बाइक रैली में शामिल हुए। रांची महानगर युवा मोर्चा की इस रैली में उन्होंने लोगों से संजय सेठ के पक्ष में वोट मांगा। इससे पहले तेजस्वी सूर्या ने रांची पहुंचने पर सर्वप्रथम बिरसा चौक पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। फिर बाइक रैली में पार्टी के युवाओं में जोश भरा।

रैली को संबोधित करते हुए सूर्या ने कहा कि देश अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को पूरा करेगा। युवा शक्ति विकसित भारत की मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि झारखंड की सरकार युवा विरोधी सरकार है। सरकार ने यहां के युवाओं के साथ विश्वास घात किया है। सरकार ने वादा किया था कि हर साल पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे। जब तक नौकरी नहीं देंगे तब तक 7000 प्रत्येक महीना बेरोजगारी भत्ता देंगे।

सूर्या ने कहा कि यहां भर्ती परीक्षा में पेपर लीक हो जा रहे हैं। 25 लाख में परीक्षा के पूर्व पेपर बेचे जा रहे हैं। चाहे स्टार्टअप हो या अन्य किसी भी प्रकार के यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर झारखंड की सरकार नहीं दे सकी। यहां की कानून व्यवस्था चौपट है। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। मंत्री से लेकर अधिकारियों के करीबियों के यहां से नोटों के बंडल निकल रहे हैं। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। झारखंड भ्रष्टाचार के कारण शर्मसार हुआ है।

सूर्या ने कहा कि 25 मई को रांची लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है। रांची की जनता राष्ट्र के निर्माण और वर्तमान झारखंड की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करे। साथ ही कहा कि सांसद संजय सेठ रांची के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं।

आज पूरा देश मोदी-मोदी कर रहा है : संजय सेठ

भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ ने कहा कि आज पूरा देश मोदी-मोदी कर रहा है। पूरा देश चाहता है कि तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस देश का नेतृत्व करें और जिस तरह पूरे देश में मोदी की लहर है इस बार निश्चित रूप से हम 400 का लक्ष्य पर करेंगे। इस देश का विकास यदि कोई कर सकता है तो वह सिर्फ नरेन्द्र मोदी हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह मुद्दा विहीन है और सिर्फ धर्म के आधार पर राजनीति कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *