मतदाताओं को ठगने का स्वांग रच रहा इंडी गठबंधन : मोहन यादव

कुशीनगर,22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कुशीनगर लोकसभा के रामकोला में भाजपा प्रत्याशी विजय दुबे के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा।

उन्होंने कहा कि कुशीनगर की जनता भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयश्री दिलाकर केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए आशीर्वाद दे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के यशस्वी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा किया है। इसलिए देश की जनता सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के लिए भारी मतों से कमल खिलाकर पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग छल से वोट लेना चाहते हैं। एक बार रावण ने नकली साधु बनकर सीता से छल किया। उसी तरह इंडी गठबंधन के लोग मतदाताओं को ठगने के लिए स्वांग रच रहे हैं। अमेरिका, इजराइल पर कोई वार करता है तो वह देश घर में घुसकर दुश्मनों को मारने का काम करते हैं। उसी तरह अब पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत भी बन गया है। हमारी सेना दुश्मन को घरों में घुसकर मारने का काम करती है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बोले कि पूरे देश को मालूम है कि भगवान राम का जन्म अयोध्या में हुआ था लेकिन कांग्रेस को यह पता नहीं है। प्रभु राम अयोध्या में नहीं मुस्कराएंगे तो कहां मुस्कराएंगे। अयोध्या धाम आज जगमगा रहा है। देश के सभी धाम इसी तरह से जगमग होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश की सीमाएं पूरी तरह असुरक्षित थीं। घाेटालों के चलते देश की अर्थव्यवस्था ध्वस्त थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश सशक्त हुआ है। पाकिस्तान ने दो बार गलती की तो घर में घुसकर उसे मारा गया। बहुमत के साथ सरकार आते ही कश्मीर से धारा 370 खत्म कर दी गई।

इसके पूर्व मंच पर पहुंचने पर सांसद आरपीएन सिंह, सांसद व प्रत्याशी विजय दुबे, विधायक विनय प्रकाश गौंड, विधायक विवेकानंद पांडेय, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, विधायक मोहन वर्मा, लोकसभा प्रभारी अवधेश सिंह, पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता समेत अनेक पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *