कांग्रेस झूठी और गुमराह करने वाली पार्टी: राजनाथ सिंह

भिवानी में धर्मबीर सिंह के समर्थन में आयोजित रैली में बोले रक्षा मंत्री

चंडीगढ़, 22 मई (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देशभर में नरेन्द्र मोदी के किए गए विकास कार्यों के बूते पर फिर से केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान दुनिया में एक सशक्त राष्ट्र के रूप में बनी है।

केंद्रीय रक्षामंत्री बुधवार को भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर सिंह के समर्थन में भिवानी में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। रक्षामंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रही है। सिंह ने भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार चौ. धर्मबीर सिंह को जिताने की अपील की। विजय संकल्प रैली की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष मुकेश गौड ने की तथा संचालन पारस डालमिया ने किया।

रैली में पहुंचने पर चौ. धर्मबीर सिंह, वित्त मंत्री जेपी दलाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री विशंबर वाल्मीकि, विधायक घनश्याम सर्राफ, जिला अध्यक्ष मुकेश गौड, लोकसभा क्षेत्र के संयोजक शंकर धूपड़ ने संयुक्त रूप से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कभी भी लक्ष्मीजी हाथ हिलाते, झाडू लगाते हुए या हाथी पर बैठकर आते नहीं देखा होगा। लक्ष्मीजी हमेशा कमल पर बैठकर आती हैं और हाथ में भी कमल का फूल लेकर आती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़े सोच समझकर चुनाव चिह्न चुना है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे एक बार फिर से मोदी सरकार को लाएं, ताकि देश को विश्व में सबसे ताकतवर और सबसे धनवान देश बनाया जा सके।

आम आदमी पार्टी को घेरते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे को भी धोखा दिया है। आंदोलन के समय केजरीवाल ने कहा था कि मैं राजनीतिक पार्टी नहीं बनाउंगा और ना ही चुनाव लडूंगा, लेकिन केजरीवाल ने पार्टी भी बनाई और चुनाव भी लड़ा और अब शराब घोटाला में आरोपी भी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस नेता के मन में जनता के प्रति नीयत में कोई खोट नहीं होगा वह नेता जनता की आंखों में आंखें डालकर बात करते हैं, मुंह फेर कर बात नहीं करते। विपक्षी पार्टी ने हमेशा जनता की आंखों में धूल झोंकी है, उनके साथ दगा किया है। कांग्रेस की नीति और नीयत दोनों में खोट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनुसूचित जाति के आरक्षण के समाप्त करने की अफवाह फैला रही है और लोगों को भ्रमित कर रही है। वन नेशन और वन इलेक्शन पर बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन को लागू किया जाएगा और इसका खाका तैयार हो चुका है।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ना केवल 2024, बलिक 2029 में भी देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर झूठी ब्यानबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस आरक्षण खत्म करने की झूठी बात फैला रही है, जबकि हकीकत यह है कि भारत का संविधान खत्म करने की ताकत किसी में नहीं है।

वित्त मंत्री जेपी दलाल व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री विशंबर वाल्मीकि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है तथा विश्व भर में एक अलग साख बनाई है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 2047 तक दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में मजबूत हुई है। दूसरे देशों में घुसकर मारने की क्षमता आज भारत में है। रैली को मीना परमार, ठाकुर विक्रम सिंह, विरेंद्र कौशिक, संदीप श्योराण, भवानी प्रताप, शशीरंजन परमार ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *