चार सौ से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा : रावसाहेब दानवे

मुंबई, 19 मई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रेल राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे ने महाराष्ट्र के पंढरपुर में कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को देश में 400 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। इसके साथ ही महाराष्ट्र में भाजपा-नीत एनडीए 45 से ज्यादा सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन करने वाले मनोज जरांगे का लोकसभा चुनाव में कोई असर नहीं दिखा है।

रावसाहेब दानवे मोहिनी एकादशी के अवसर पर रविवार को विट्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए पंढरपुर आए थे। दर्शन के बाद दानवे ने मीडियाकर्मियों से कहा कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है। एनडीए को बहुमत नहीं मिलने से जुड़े सवाल पर दानवे ने कहा कि हमारे पास उद्धव ठाकरे और शरद पवार से समर्थन मांगने की नौबत नहीं आएगी। हमें उनकी जरूरत नहीं पड़ेगी। दानवे ने विश्वास जताया कि हमें 400 से ज्यादा सीटें जरूर मिलेंगी।

मनोज जरांगे ने ऐलान किया है कि वह विधानसभा चुनाव में मराठा समाज से उम्मीदवार उतारेंगे। इस पर दानवे ने कहा कि वैसे बात करें तो देश में लोकतंत्र है इसलिए जरांगे और उनके कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अधिकार है। देश का मतदाता होशियार है। अगर वह विधानसभा में खड़े होंगे तो जनता फैसला करेगी। दानवे ने साफ किया कि जरांगे और उनके मराठा आंदोलन का लोकसभा चुनाव पर कोई असर नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि जरांगे ने कभी भी राज्य सरकार का विरोध नहीं किया। उनके आंदोलन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, इसलिए जरांगे गृह विभाग के खिलाफ थे लेकिन इसके बाद जरांगे का गृह विभाग से विरोध नहीं रह गया। इसका कारण है कि उनपर कार्रवाई नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *