नेपाल नारकोटिक्स ब्यूरो ने ढाई किलो से अधिक कोकीन बरामद की, तीन विदेशी महिला गिरफ्तार

काठमांडू, 16 मई (हि.स.)। नेपाल नारकोटिक्स ब्यूरो ने काठमांडू के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी कर ढाई किलो से अधिक कोकीन बरामद की है। अन्तरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 8 करोड़ रुपये बताई गई है। गिरफ्तार की गईं तीन महिलाओं में दो युगांडा की और तीसरी भारतीय है।

नारकोटिक्स ब्यूरो के प्रमुख एसएसपी गोविन्द थपलिया ने गुरुवार को बताया कि ड्रग्स सप्लाई के अन्तरराष्ट्रीय गिरोह की तीन महिलाओं से 2 किलो 654 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि कोकीन के कैप्सूल बनाकर उसको निगलने के बाद ये तीनों महिलाएं अलग-अलग रूट से काठमांडू पहुंची थी। यहां से इसको भारत ले जाने के लिए डीलरों की प्रतीक्षा कर रही थी।

नेपाल के नारकोटिक्स ब्यूरो को मिले इनपुट के बाद तीन दिन पहले कतर से काठमांडू पहुंची युगांडा की 44 वर्षीया महिला केविना मुगाला को सिनामंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसने कोकीन के 90 कैप्सूल निगलकर पेट के भीतर छुपा रखा था। महिला की गिरफ्तारी के बाद अस्पताल में ऑपरेशन करवाकर उसके पेट से सारे कैप्सूल बरामद किये गए। पेट से निकले कैप्सूल से 1 किलो 260 ग्राम कोकीन बरामद हुई।

इसी तरह युगांडा की ही 34 वर्षीय महिला लिलियान सुसान को बीते दिन यानि बुधवार को ही काठमांडू के धोबीचौर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। इस महिला के पास से 1 किलो 294 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पुलिस की छापेमारी से पहले ही इस महिला ने निगले हुए कोकीन को शौच के रास्ते बाहर निकाल लिया था। इसके अलावा नारकोटिक्स ब्यूरो ने एक भारतीय महिला को भी गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के मुताबिक गिरफ्तार भारतीय महिला 33 वर्षीया दीवा जानी को कोकीन की डिलीवरी लेने आने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो के मुताबिक पकड़ी गई तीनों महिलाएं अन्तरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *