भाजपा महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद स्वाति मालीवाल को दिया समर्थन

नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल को समर्थन पत्र सौंपा है। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ऋचा पांडेय मिश्रा ने बताया कि स्वाति मालीवाल के घर के एक सहायक ने बाहर आकर समर्थन पत्र स्वीकार किया। महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष के साथ महामंत्री प्रियल भारद्वाज, सरिता तोमर, वैशाली पौदार के अलावा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थीं।

समर्थन पत्र सौंपने के बाद ऋचा पांडेय मिश्रा ने पत्रकारों से कहा कि हम यहां राजनीतिक उद्देश्य से नही आए हैं बल्कि महिला अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने वाली प्रखर महिला नेता, जिनके साथ अभद्रता व हिंसा हुईं हैं, को समर्थन देने आये थे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक तौर पर हमारे मतभेद हो सकते हैं, पर निस्संदेह आप महिला अधिकारों के लिए प्रखरता से बोलती रही हैं। इस नाते हम प्रार्थना करते हैं कि स्वाति मालीवाल हिंसा की वेदना से उबर कर शीघ्र महिला सशक्तिकरण में जुट जाएंगी। मिश्रा ने कहा कि मालीवाल के साथ हुई घटना का पूरा विवरण दिल्ली एवं देश के सामने रख कर आरोपितों को सजा दिलवाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *