इस बार का लोकसभा चुनाव तुष्टिकरण बनाम संतुष्टिकरण के बीच: पुष्कर सिंह धामी

बोले- एक तरफ मोदी हैं और दूसरी ओर घमंडिया गठबंधन

-उत्तराखंड देश का पहला राज्य जहां लागू हो चुकी है समान नागरिक सहिंता

-मुझे ऐसा एहसास हो रहा है कि मैं उत्तराखंड में हूं: धामी

देहरादून/महाराष्ट्र, 13 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराष्ट्र के पालघर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज बहुत सारी शक्तियां मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकना चाहती हैं। यह चुनाव मुगल परस्त ताकतों को आईना दिखाने वाला चुनाव है। इस बार का चुनाव तुष्टिकरण बनाम संतुष्टिकरण के बीच है।

महाराष्ट्र के पालघर से पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार डॉ हेमंत विष्णु सवरा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी हैं तो दूसरी ओर घमंडिया गठबंधन है। घमंडिया गठबंधन का एक लक्ष्य है देश को लूटना। ये आरक्षण छीनकर अपने चहेते वर्ग को देना चाहते हैं। हार देखकर ये लोग ईवीएम को गलत बताते हैं या झूठ फैलाने के लिए बातें बनाने लगते हैं। वहीं नरेन्द्र मोदी आरक्षण और संविधान को खत्म नहीं करना चाहते, बल्कि लोगों की सुविधाओं में वृद्धि के लिए लगातार प्रयासरत हैं। विपक्ष के ये लोग बम विस्फोट में शामिल आतंकियों के एनकाउंटर पर आंसू बहाते हैं। ये सभी सनातन विरोधी हैं और इनको आपको करारा जवाब देना होगा।

उत्तराखंड सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने की गारंटी दी है और उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन चुका है जहां इसे लागू किया जा चुका है। भाजपा का जो 1950 से संकल्प था, उसे आगे बढ़ाने का काम उत्तराखंड ने किया है। यूसीसी की गंगा अब उत्तराखंड से निकलकर पूरे देश को आच्छादित करेगी। नकल विरोधी कानून भी हमने बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अनेक ऐसे कार्य हुए हैं, जिससे देश का गौरव बढ़ा है। आज पूरा विश्व एक विश्वास की दृष्टि से भारत की ओर देखता है। आज हम विश्व की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं, जल्द हम नंबर वन भी बनेंगे। मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के जो लोग यहां रह रहे हैं, उन्होंने यहां भी अपनी विरासत को संजो कर रखा हुआ है। हमारी उत्तराखंडी टोपी को पहचान दिलाने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। यहां आकर भी मुझे ऐसा एहसास हो रहा है कि मैं उत्तराखंड में हूं। आज हमें प्रण लेना है कि 20 मई तक हमें पालघर में घर-घर तक जाना है।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आप सब लोग जानते हैं पहाड़ों में पानी की दिक्कत थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। उज्ज्वला योजना से घर-घर गैस पहुंची है। आयुष्मान योजना से 5 लाख का इलाज निःशुल्क हो रहा है। मुफ्त राशन योजना चल रही है। 25 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। आज भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद सेना को देश के दुश्मनों के खिलाफ पूरी छूट दी गई है।

रोजगार और पहचान दोनों मिल रही है:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के लिए कहा है कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। आज यह साकार हो रहा है। उत्तराखंड में आज 200 से ज्यादा फिल्मों का निर्माण हो रहा है। इससे रोजगार और पहचान दोनों मिल रही है। उत्तराखंड में आप जहां देखोगे वह सब शूटिंग की लोकेशन हैं। आज इन्वेस्टमेंट के क्षेत्र में भी वहां क्रांति आ रही है। आज बड़े औद्योगिक घराने उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। हमारे यहां सड़क, रेल और हवाई सेवाओं का विस्तार हो रहा है। चारधाम की तर्ज पर प्रधानमंत्री ने आदि कैलाश जाकर पूरी दुनिया का ध्यान उस ओर खींचा है। आने वाले दिनों में टनकपुर से बागेश्वर रेल जाने वाली है। चारधाम यात्रा चल रही है और बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। मैंने लोगों से अपील की है कि वे सब इंतजाम होने पर ही यात्रा करें।

मुंबई में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने की भेंट-

इससे पहले मुख्यमंत्री धामी से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधि मण्डल में मौजूद विभिन्न विषयों के जानकारों से कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त हुए, जिन्हें राज्य हित में धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

मुंबई में कार्यरत उत्तराखण्डी संगठन हमारे प्रवासी भाइयों और बहनों के लिए कई सराहनीय कार्य कर रहे हैं। मेरा सभी प्रवासियों से आग्रह है कि वे वर्ष में एक बार अवश्य उत्तराखण्ड आए। इस दौरान सभी संगठनों को चारधाम यात्रा के लिए भी आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *