नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध मोदी सरकार के कठोर रवैये के कारण प्रभावी परिणाम निकले हैं – गृहमंत्री अमित शाह

नई दिल्ली ०३ मार्च : गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध में मोदी सरकार के कठोर रवैये के कारगर परिणाम निकले हैं और इससे जुड़ी गिरफ्तारियां तथा जब्‍त नशीले पदार्थों की मात्रा तेजी से बढी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्‍ट में नशीले पदार्थों की समस्‍या से निपटने में सरकार की सफलता संबंधी तीन वीडियो साझा किए। श्री शाह ने कहा कि राज्‍य सरकारों और एजेंसियों के बीच तालमेल और सहयोग से राष्ट्रव्यापी व्यवस्था कायम की गई है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों से मुक्‍त भारत भावी पीढी के लिए सबसे बडा उपहार होगा और इस उद्देश्‍य को प्राप्‍त करने के लिए नशे की लत के शिकार लोगों का तेज़ी से पुनर्वास किया जा रहा है।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जब्‍त नशीले पदार्थों की मात्रा में लगभग सौ प्रतिशत की बढोतरी हुई है और इसमें संलिप्‍त लोगों के विरुद्ध दर्ज मामलों में एक सौ बावन प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

वर्ष 2006 से 2013 के बीच, नशीले पदार्थों के सिलसिले में एक हजार दो सौ सत्तावन मामले दर्ज किए गए थे। वर्ष 2014 से 2023 के दौरान यह संख्‍या बढ़कर तीन हजार सात सौ पचपन हो गई। मोदी सरकार के कार्यकाल में 12 लाख किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया है जिनकी कीमत 12 हजार करोड़ रुपये थी।